फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Chandigarh News: चंडीगढ़ में सड़क के गड्ढे ने ली मां की जान, करवाचौथ की शॉपिंग कर लौट रही थी

विज्ञापन
विज्ञापन
चंडीगढ़ में सड़क के गड्ढे ने ली मां की जान, करवाचौथ की शॉपिंग कर लौट रही थी
विज्ञापन

इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 में गड्ढे से बचने के लिए ब्रेक लगाया, पीछे से वाहन ने मारी टक्कर मां की मौत, 15 वर्षीय बेटी घायल
माई सिटी रिपोर्टर
चंडीगढ़। करवाचौथ की खरीदारी कर बेटी के साथ घर लौट रही 40 वर्षीय रीना देवी की जिंदगी इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 में सड़क हादसे में खत्म हो गई। लेक्सस शोरूम के पास सड़क पर गड्ढे से बचने के लिए रीना देवी ने इलेक्ट्रिक स्कूटी पर ब्रेक लगाया, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आए अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में मां की मौत हो गई, जबकि पीछे बैठी 15 वर्षीय बेटी घायल हो गई। टक्कर मारने के बाद चालक मौके से भाग गया। घटना रविवार रात करीब आठ बजे की है।
पुलिस को दिए बयान में तनिष्का ने बताया कि वह अपनी मां रीना देवी के साथ सेक्टर-19 मार्केट से खरीदारी कर घर लौट रही थी। दोनों सेंट्रा मॉल लाइट पॉइंट से कॉलोनी नंबर-4 की ओर जा रही थीं। लेक्सस शोरूम के पास सड़क पर गड्ढा होने के कारण रीना देवी ने स्कूटी की गति कम करने के लिए हल्का ब्रेक लगाया। इसी दौरान पीछे से आए वाहन ने टक्कर मार दी। दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गईं।
विज्ञापन

तनिष्का के मुताबिक, चालक ने रुककर मदद करने के बजाय वाहन आगे बढ़ा दिया। कुछ दूरी पर शीशा नीचे कर पीछे देखा और फिर भाग गया। आसपास के लोगों की मदद से मां-बेटी को ई-रिक्शा से जीएमसीएच-32 पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने रीना देवी को मृत घोषित कर दिया। तनिष्का का उपचार शुरू किया गया।
सीसीटीवी फुटेज से भागे चालक की तलाश
सूचना मिलने पर इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की फोटोग्राफी करवाई और दुर्घटनाग्रस्त इलेक्ट्रिक स्कूटी कब्जे में ले ली। किशोरी के बयान पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चालक की पहचान करने में जुटी है।

एक्सपर्ट व्यू
गड्ढे से मौत पर जिम्मेदारों पर हो सकती है कार्रवाई
रिटायर्ड डीएसपी जगबीर सिंह के अनुसार, सड़क के गड्ढे के कारण किसी की मौत होने पर अगर संबंधित विभाग, अधिकारी या ठेकेदार की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई हो सकती है। भारतीय न्याय संहिता की धारा 106 लापरवाही से मौत होने से जुड़ी है। पीड़ित परिवार मुआवजे की मांग भी कर सकता है। हालांकि, जिम्मेदारी किसकी होगी, यह सड़क की देखरेख की जिम्मेदारी और जांच में मिले सबूतों के आधार पर तय होगा।
विज्ञापन

कोट
सड़क पर गड्ढे के कारण महिला ने इलेक्ट्रिक स्कूटी का ब्रेक लिया। इसी दौरान पीछे से आ रही कार की टक्कर से महिला की मौत हो गई, जबकि बेटी घायल है। अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज की मदद से उसकी तलाश की जा रही है। -पी. अभिनंदन, डीएसपी (ईस्ट)
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें