अचंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने विज्ञापन संख्या 01/2023 के माध्यम से भर्ती किए गए कॉमन कैडर के ग्रुप डी कर्मचारियों की पोस्टिंग की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मानव संसाधन विभाग ने इस संबंध में सभी विभागाध्यक्षों को पत्र लिखा है। पत्र में कहा गया कि विभाग की ओर से ऐसे कर्मचारियों की नियुक्ति की प्रक्रिया जारी है, जिन्होंने संबंधित मंडल आयुक्त कार्यालय या उपायुक्त, पंचकूला के कार्यालय में पहले ही कार्यभार ग्रहण कर लिया है। पत्र में कहा, विभागों को आवंटित ग्रुप डी कर्मचारियों की जिलेवार सूची अगले सप्ताह ईमेल के माध्यम से संबंधित विभागाध्यक्षों को भेज दी जाएगी। फील्ड कार्यालयों के प्रमुखों को निर्देश दिया जाए कि वे इन कर्मचारियों को तुरंत अपनी ड्यूटी ग्रहण की अनुमति दें और बाद में सक्षम प्राधिकारी की ओर से संबंधित जिलों में विशेष कार्यालयों के संबंध में विशिष्ट आदेश जारी किए जाएं। विभागों की ओर से सुनिश्चित किया जाए कि इन कर्मचारियों का मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट और चरित्र सत्यापन उनकी ज्वाइनिंग से पहले पूरा कर लिया जाए। इसके अतिरिक्त, प्रत्येक जिले में ग्रुप डी कर्मचारियों की ज्वाइनिंग प्रक्रिया की देखरेख के लिए एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाए। नोडल अधिकारी ड्यूटी ग्रहण करने वाले कर्मचारियों की समेकित सूची तैयार करने और उसे मानव संसाधन विभाग (कॉमन कैडर शाखा) को सौंपेगा।