कैथल। विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीति शक्ति प्रदर्शन के लिए शहर में खूब पोस्टर वार हो रहा है। विभिन्न पार्टियों के प्रतिनिधि व कार्यकर्ता शहर पोस्टरों केे माध्यम से अपने लिए समर्थन मांग रहे हैं।
शहर के विभिन्न चौकों व सांकेतिक बोर्ड पर राजनीतिक समर्थकों के संदेश चिपका रखे हैं। हाईकोर्ट आदेशों के बाद भी राजनीतिक दल के प्रतिनिधि सार्वजनिक स्थानों पर धड़ल्ले से पोस्टर चिपका देते हैं।
पोस्टरों से शहर की सुंदरता भी खराब हो रही है। पोस्टरों व बैनरों से अटे शहर को नगर परिषद के अधिकारी देखकर भी अनदेखा कर रहे है। हाईकोर्ट के आदेशों के अनुसार सार्वजनिक स्थानों पर पोस्टर व बैनर लगाने पर तीन साल की सजा और जुर्माने का प्रावधान है।
पोस्टर चिपकाने से शहर की सुंदरता हो रही है खराब
शहर वासी मनोज कुमार, प्रदीप कुमार शर्मा, अशोक कुमार, ओमप्रकाश सैनी, अनुज कुमार, बिट्टू क्योड़क, पुनीत कुमार, भारत भूषण और कमल गुप्ता ने बताया कि शहर किसी भी सड़क, चौराहे और सार्वजनिक स्थानों की कोई ऐसी दीवार नहीं है जहां पर पोस्टर न लगा हो। उन्होंने बताया कि पोस्टर लगाने से शहर की सुंदरता खराब हो रही है। जिला प्रशासन ने इसके प्रति कड़ा कदम उठाना चाहिए।
सांकेतिक बोर्डों को भी नहीं बख्शा
पोस्टरों से सरकारी सांकेतिक बोर्ड भी लिप्त हो चुके हैं। एसपी कार्यालय, पिहोवा चौक, छोटू राम चौक, जीद रोड, वृद्ध केदार रोड पर लगे सांकेतिक बोर्ड भी पोस्टर की लिप्त कर दिए गए हैं। लाला लाजपत राय भवन, राजीव गांधी उद्यान की दीवारें, पुराने बस स्टैंड की दीवार पूरी तरह पोस्टरों से अटी है। इस संबंध में नगर परिषद के कार्यकारी अभियंता ठाकुर लाल शर्मा ने कहा कि सभी पर कार्रवाई की जाएगी।