चंडीगढ़। दड़वा स्थित एक मकान में तीन दिन पहले सातवीं कक्षा के छात्र यश ने चुन्नी से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली थी। शुक्रवार को जीएमसीएच-32 में मृतक का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया। हालांकि, अभी तक की जांच में पुलिस को कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है।
यश दड़वा गांव में अपनी मां के साथ रहता था। वह मोहाली स्थित एक स्कूल में सातवीं में पढ़ता था। मंगलवार दोपहर यश की मां ममता पंचकूला सेक्टर-8 में अपने काम पर चली गई। इस दौरान यश घर पर अकेला था। देर शाम जब छुट्टी के बाद ममता वापस लौटी तो दरवाजा अंदर से बंद पाया। उन्होंने दरवाजा खटखटा कर बेटे यश को कई बार आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। शोर सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए। इसके बाद दरवाजा तोड़कर लोग कमरे तक पहुंचे। यश अपने कमरे में बने रोशनदान से चुन्नी के सहारा लटका हुआ था। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने यश को जीएमसीएच-32 पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था।