चंडीगढ़ में सेक्टर 10 स्थित लेजर वैली में चल रहे पाप-एन-शॉप फेस्ट में 30 से ज्यादा स्टार्ट अप्स की गजब की क्रिएटिविटी देखने को मिली। पाप-एन-शॉप का आयोजन करने वाले सिद्धांत दास, अंकिता गर्ग व शुभांगी गुप्ता ने बताया कि फेस्टिवल में एक हजार से ज्यादा लोग आए।
लोगों ने खूब खरीदारी भी की। पहली बार इस तरह के आयोजन से छोटे स्टार्टअप शुरू करने वाले लोगों को अपनी क्रिएटिविटी दिखाने का मौका मिला। इस दौरान लाइव बैंड डांस परफार्मेंस का आयोजन किया गया। एक नजर डालते हैं कुछ बेहतरीन स्टालों पर।
11वीं क्लास के सिद्धांत ने लगाई हैदराबादी बिरयानी
सेक्टर 26 सेंट जान हाई स्कूल की 11वीं क्लास में पढ़ने वाले सिद्धांत ने दमयम हैदराबादी बिरयानी का स्टाल लगाया। सिद्धांत ने बताया कि यह उनकी फैमिली रेसिपी है। उन्होंने बिरयानी बनाना अपनी मां से सीखा। मां ने दादी मां से। मूल रूप से हैदराबाद के रहने वाले सिद्धांत ने बताया कि उन्हें कुकिंग का काफी शौक है और वे अपना कैरियर भी इसी फील्ड में बनाना चाहते हैं। उनके पेरेंट्स डाक्टर हैं।
डिजाइनर केक की खास डिमांड
हाउस वाइफ रवि वड़ैच ने पाप-एन-शाप में डिजाइन केक बनाने का स्टाल लगाया। उन्होंने बताया कि केक में वे स्पेशल फान्डंट का प्रयोग करते हैं, जिसे वे यूके से मंगवाते हैं। उनके केक की खासियत यह है कि वे किसी भी तरह की डिजाइन का केक बना सकती है। चाहे पर्स के आकार का केक बनवाना हो या फिर डॉल के आकार का। वे घर पर ही केक बनाकर होम डिलीवरी करती हैं।
शूज पर बनवाइए मनचाहा डिजाइन
पाप-एन-शॉप फेस्टिवल में आई छवि सलवान शूज पर पेटिंग बनाती हैं। उन्होंने अपने स्टाल में खूबसूरत जूते रखे हुए थे। इन जूतों की खास बात यह थी कि उस पर खूबसूरत डिजाइन बनी हुई थी। यह डिजाइन खुद छवि ने तैयार की हुई थी। एमसीएम कालेज की छवि ने बताया कि उन्हें पेंटिंग और फैशन का काफी शौक है। फिलहाल वे अपने जूते पड़ोसियों और कालेज में स्टाल लगाकर बेचती हैं।
एक पेपर का कमाल
डिजाइनर अनुष्का वर्मा की महारत पेपर क्विलिंग पर है। उन्होंने पेपर के माध्यम से कई रोचक चीजे बना रखी थी। जैसे कि लाकेट, एयररिंग, शो पीस और कार्ड। गवर्नमेंट कालेज फार गर्ल्स की बीए द्वितीय की छात्रा अनुष्का ने बताया कि अभी इसकी शुरुआत की है। कैसे उसे बेचना है और किस तरह से लोगों तक पहुंचाना इस बारे में अभी सोचना शुरू किया है। एक बढ़िया मंच मिला था, इसलिए अपने काम को डिस्पले किया।