विपक्ष ने सीएम को घेरा
पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के भतीजे भूपिंदर हनी की गिरफ्तारी को लेकर पंजाब की सियासत गरमा गई है। सूबे के विपक्षी दल सीधे मुख्यमंत्री चन्नी पर निशाना साध रहे हैं। भाजपा सहित आप, शिअद और सियासत में आए किसानों ने चन्नी पर सियासी हमला करते हुए कहा है कि 111 दिन की सरकार में ही उन्होंने कमाल कर दिया। अकाली दल ने कहा है कि अब चन्नी की गिरफ्तारी की बारी है।
मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने 111 दिन में कमाल ही कर दिया। इतने कम समय में भ्रष्टाचार कर दिया। अब वह ईमानदार सरकार की वकालत कर रहे हैं। - अरविंद केजरीवाल, आप संयोजक
यह चन्नी, हनी और मनी की कहानी है। पहले मनी पकड़ी गई, फिर हनी पकड़ा गया और अब चन्नी की बारी है। हनी से पकड़े पैसे चन्नी के हैं। वह चन्नी का कैशियर है। यह सारे पैसे पंजाब के लोगों के खजाने की लूट है। - बिक्रम सिंह मजीठिया, शिअद नेता
ईडी की कार्रवाई में 20 करोड़ कैश मिला है। 56 करोड़ के दस्तावेज और प्रॉपर्टी मिली। भाजपा पहले ही कह रही थी अवैध रेत खनन में मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी शामिल हैं। यह कार्रवाई राजनीतिक बदलाखोरी तब होती, जब रेड में कुछ न मिलता। - जीवन गुप्ता, महासचिव, पंजाब भाजपा
पहले पैसे से सत्ता और फिर सत्ता से पैसे कमाए जाते हैं। हाल यह हो चुका है कि अफसरों की तैनाती, नौकरी, ठेका सब पैसे देकर करवाया जा रहा है। हर जगह रिश्वतखोरी चल रही है। - गुरनाम चढूनी, किसान नेता, हरियाणा