निजी वाहनों पर पुलिस, आर्मी और वीआईपी लोगो वाले स्टिकर लगाकर रौब दिखाना भारी पड़ेगा। पंजाब के लुधियाना में अब कमिश्नरेट पुलिस ने सख्ती करने की तैयारी शुरू कर दी है। कमिश्नरेट पुलिस ने आदेश जारी किया है कि अब निजी वाहन पर पुलिस, आर्मी और वीआईपी लोगो वाले स्टिकर नहीं लगेंगे। पुलिस का कहना है कि आतंकी घटनाओं को ध्यान में रखते हुए सीधे तौर पर यह गंभीर मामला है। ऐसे लोगो का इस्तेमाल कर शरारती तत्व गलत काम को अंजाम दे सकते हैं। इसका खामियाजा लोगों को भुगतने पड़ेगा। लोगों की सुरक्षा को मद्देनजर रखते हुए पुलिस ने यह आदेश जारी किया है।
ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर (कानून-व्यवस्था) सौम्या मिश्रा ने बताया कि कुछ लोग निजी वाहनों पर पुलिस, आर्मी और वीआईपी लोगो का स्टिकर लगाकर घूमते हैं। इसी की आड़ में कुछ शरारती तत्व गलत काम को अंजाम दे सकते हैं। कुछ लोग इन विभागों के साथ मिलते जुलते लोगों तैयार करवाकर अपने वाहनों पर भी लगा रहे हैं। इस कारण वह आराम से इन विभागों के अंदर चले जाते हैं और इनके वाहन भी प्रवेश पा जाते हैं। यह एक गंभीर मामला है। लोगों की जान की रक्षा के लिए यह आदेश जारी किया गया है कि ऐसे स्टिकर वाहनों पर न लगाएं। अगर कोई विभाग के आदेश का उल्लंघन करेगा तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।