चंडीगढ़। एमबीए छात्रा के साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या करने के 14 साल पुराने मामले में पुलिस ने एक बार फिर से घटनास्थल पर पूरे घटनाक्रम के सीन को रीक्रिएट किया। दो हत्याकांड में गिरफ्तार किए गए शाहपुर कॉलोनी निवासी आरोपी मोनू कुमार को पुलिस मलोया निवासी महिला मनदीप कौर की हत्या करने वाली जगह भी लेकर गई। दोनों मामलों में रिमांड में दौरान सीन रीक्रिएट करने अलावा आरोपी से घटनास्थलों की निशानदेही भी करवाई गई। आरोपी को रिमांड खत्म होने के बाद सोमवार को उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।
गौरतलब है कि 14 साल पुराने एमबीए छात्रा का दुष्कर्म करके हत्या करने और मलोया के जंगल में नग्न अवस्था में मिली महिला मनदीप कौर की हत्या करने के मामले में मलोया थाना पुलिस ने डीएनए रिपोर्ट के आधार पर मोनू कुमार को गिरफ्तार किया था। आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया गया था ताकि उससे घटना के बारे में पूछताछ की जा सकें। रिमांड के दौरान आरोपी मोनू ने बताया कि एमबीए छात्रा की हत्या करने के बाद वह पीड़िता का मोबाइल अपने साथ ले गया और उसे आगे बेच दिया था। नशे का आदि होने के कारण उसने कई चोरी की वारदातों को अंजाम दिया और कई बार पकड़ा भी गया, लेकिन उसने कभी पुलिस के सामने अपनी हत्या वाली वारदातों के बारे में नहीं बताया। इस दौरान उसने रेहड़ी-फड़ी लगाकर सब्जी व फ्रूट बेचने का भी काम किया। वहीं, महिला मनदीप कौर की हत्या करने के बाद वह किराए की गाड़ी पर चालक की नौकरी करता था।
वहीं रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी को दोनों घटनास्थलों पर निशानदेही करवाने के लिए लेकर पहुंची। दोनों जगह आरोपी ने पुलिस को बताया कि किस तरह से उसने दोनों महिलाओं के साथ पहले दुष्कर्म किया और उसके बाद सिर में पत्थर मारकर उनकी हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों घटनास्थलों पर पूरा सीन रीक्रिएट किया। आरोपी को सोमवार को रिमांड खत्म होने के बाद कोर्ट में पेश किया जाएगा।