मंडप तैयार था और दुल्हन हाथों में मेहंदी रचाए इंतजार कर रही थी कि अचानक चौंकाने वाली बात हो गई। दूल्हे को बारात लेकर वापिस जाना पड़ा। घटना हरियाणा के अंबाला की है। मुलाना के गांव होली में मंगलवार को एक नाबालिग की शादी होने जा रही थी। बारात भी पहुंच गई, लेकिन मामा ने लड़की को नाबालिग बताते हुए हंगामा कर दिया। लड़की के ताऊ पर जबरदस्ती शादी करने का आरोप भी लगाया गया।
हंगामे की सूचना पुलिस तक पहुंची। मामले की जानकारी जिला बाल विवाह निषेध अधिकारी को फोन पर दी गई। खबर मिलते ही अधिकारी अरिवंद्र जीत कौर मौके पर पहुंचीं और शादी को रुकवाया। इसके चलते दूल्हे को बारात लेकर वापिस लौटना पड़ा। बारात जठलाना गांव से आई थी। जिला बाल विवाह निषेध अधिकारी अरविंद्रजीत कौर ने बताया कि लड़की के मामा प्रीतम सिंह वासी महमूदपुर ने लड़की को नाबालिग बताया।
मौके पर पहुंचकर लड़की की आयु के प्रमाण पत्रों का जांच की, जिनके अनुसार लड़की नाबालिग निकली। लड़की के पिता की कई साल पहले मौत हो चुकी थी और अब ताऊ मंगतराम उसकी शादी कर रहा था। वहीं, शादी न होने से दूल्हा निराश हो गया। घरवालों ने उसे भरोसा दिलाया कि बालिग होते ही शादी कर दी जाएगी, तब कहीं जाकर वह लौटा।