गायक सिद्धू मूसेवाला फायरिंग मामले में पटियाला के एसएसपी मनदीप सिंह सिद्धू ने मंगलवार को पटियाला के थाना जुल्कां के इंचार्ज इंस्पेक्टर गुरप्रीत सिंह भिंडर को सस्पेंड कर दिया। आरोप है कि थाना इंचार्ज ने गैरकानूनी ढंग से अपने किसी आला अधिकारी को बिना बताए हेड कांस्टेबल गगनदीप सिंह को संगरूर के डीएसपी दलजीत विर्क के साथ पिछले तीन महीनों से तैनात कर रखा था।
पुलिस की एके-47 से मूसेवाला के फायरिंग करने वाले वीडियों में हेड कांस्टेबल गगनदीप सिंह भी नजर आ रहा है। इस मामले में डीएसपी समेत छह पुलिसकर्मियों को पहले ही सस्पेंड किया जा चुका है। वहीं, बरनाला में मूसेवाला समेत नौ के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
थाना इंचार्ज को नोटिस जारी
एसएसपी ने इंस्पेक्टर गुरप्रीत सिंह भिंडर और हेड कांस्टेबल गगनदीप सिंह के खिलाफ विभागीय जांच करने के आदेश दिए हैं। इसके साथ ही गुरप्रीत को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है। उस पर डीजीपी के पुलिस फोर्स की गैरकानूनी तैनाती न करने के जारी आदेश का उल्लंघन करने के आरोप लगे हैं। नोटिस में थाना इंचार्ज से पूछा गया है कि क्यों न हेड कांस्टेबल की पिछले तीन माह की तनख्वाह उससे अदा कराई जाए।
सिद्धू मूसेवाला पर नहीं लगाया असलहा एक्ट
पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला ने बरनाला के गांव बडबर में अपने गाने की शूटिंग दौरान पुलिस की मौजूदगी में सरकारी एके-47 से करीब दो दर्जन फायर किए। सिद्धू मूसेवाला पुलिस की मौजूदगी में एके-47 से शरेआम फायरिंग करता वीडियो में दिखाई दे रहा है, इसके बावजूद भी बरनाला पुलिस ने सिद्धू मूसेवाला के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा लगाने की कोई जरूरत नही समझी। जमानत योग धाराओं तहत ही मामला दर्ज कर पल्ला झाड़ लिया गया।
चश्मदीद गवाह किसान कर्मजीत सिंह निवासी बडवर ने बताया कि गायक सिद्धू मूसेवाला अपने 25-30 साथियों सहित खेत में आया। उसके साथ पुलिस की वर्दी में 10-15 व्यक्ति थ. जिन्होंने खेतों में निशाना लगाने के लिए एक बुत बना रखा था। उस बुत पर सिद्धू मूसेवाला ने पुलिस की मौजूदगी में सरकारी एके-47 से करीब दो दर्जन गोलियां चलाईं। उसने पुलिस को इसलिए सूचना नही की क्योंकि पुलिस तो उसके साथ ही थी। उसने बताया कि सिद्धू मूसेवाला ने हवा में बीयर की बोतलें उछालकर निशाने लगाए।
संगरूर से एसपीएच शरनजीत सिंह ने बताया कि इस घटना से जुडे़ डीएसपी व पुलिस मुलाजिमों को सस्पेंड कर दिया गया है, प्रयोग की गई एके-47 किसकी थी, इसकी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि असलाह एक्ट की धारा तो बरनाला पुलिस को लगानी थी, क्योंकि मामला बरनाला में दर्ज हुआ है। एसएसपी संदीप गोयल ने कहा कि वीडियो की बारीकी से जांच करवाई जा रही है, जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके मुताबिक अगली कानूनी कार्रवाई की जाएगी।