मोहाली। फेज 10 स्थित एक निजी इमीग्रेशन कंपनी पर सोहाना पुलिस ने दबिश की है। मौके से लैपटॉप, प्रिंटर और जाली दस्तावेज समेत दंपती को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों की पहचान संजय सिंह और अपर्णा दोनों वासी सेक्टर-106 के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर ने सूचना दी थी कि आरोपी जाली दस्तावेज तैयार कर लोगों से भारी-भरकम रकम वसूलकर उन्हें विदेश भेजने का झांसा देते हैं। पैसे लेने के बाद न विदेश भेजते हैं और न ही उनकी दी हुई राशि को वापस करते हैं। इतना ही नहीं जब लोग उनसे पैसे वापस मांगने आते हैं तो वह उन्हें डरा-धमकाकर भगा देते हैं। जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने दबिश देकर आरोपियों को सामान के साथ काबू कर लिया।