मोहाली। जिले में सावन जमकर बरस रहा है। शनिवार को हुई मूसलाधार बारिश ने एक ओर वीकेंड को गुलजार कर दिया तो वहीं दूसरी ओर वाहन चालकों की मुसीबत बढ़ा दी। झमाझम बारिश से तापमान 35 डिग्री से गिरकर 27 डिग्री पर पहुंच गया है। वहीं, शनिवार अल सुबह से शुरू हुई बारिश ने जगह-जगह जलभराव की स्थिति पैदा कर दी है। गांव बलौंगी, कुंबड़ा रोड, फेज-3बी2, फेज-7, सेक्टर-70-71 का लाइट प्वाइंट, सभी इंडस्ट्रियल एरिया, खरड़, गांव दाऊं समेत कई इलाकों की सड़कों, गलियों पार्किंग में पानी भरने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जिले के नए सेक्टरों की भी स्थिति कुछ ऐसी ही नजर आई जहां की सड़कों के गड्ढे बारिश के पानी से भर गए।
फेज-11 पंप से निकाला पानी
लगातार हुई बारिश के दौरान फेज-11 के रिहायशी इलाके में एक बार फिर पानी भर गया। बेशक पानी की निकासी के लिए नगर निगम ने पंप लगवाए गए हैं लेकिन इसके बावजूद लोगों के घरों के आगे सड़कें पानी से भर गईं। बच्चे भी बरसात में खूब मस्ती करते नजर आए लेकिन वाहन चालकों के लिए यह बारिश आफत की तरह बरसी है। स्थानीय भाजपा नेता संजीव जोशी ने बताया कि हर साल बारिश के दिनों में लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती है। आज भी मौके पर पंप न चलाए जाता तो शायद पानी लोगों के घरों में घुस जाता। उन्होंने नगर निगम से निकासी का पक्का प्रबंध करने की मांग की है।
फेज-4 और 5 में पानी नहीं भरने से राहत
फेज-4 के एचएम मकानों और फेज-5 के 10 मरला मकानों में पहले ही पंप शुरू करने के कारण बारिश का पानी नहीं भर सका। इसके लिए निगम ने वहां पहले ही तैयारी कर ली थी। दोनों इलाकों में पंप स्थापित करते समय रहते शुरू कर दिए गए गए। इससे इलाके में जलभराव की समस्या नाममात्र रही। उल्लेखनीय है कि दोनों इलाकों में हर बार बारिश होने के कारण लोगों के घरों में पानी चला जाता था। इस स्थिति को समझते हुए पहली ही तैयारी कर ली गई थी।
अगले तीन दिन मौसम विभाग का येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने पंजाब में तीन दिन के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। पंजाब के ज्यादातर हिस्सों में आंधी के साथ भारी बारिश की संभावना जताई है। तापमान में भी गिरावट होगी।