चंडीगढ़। सेक्टर-39 थाना पुलिस ने सेक्टर-38 और आसपास के इलाकों में शुक्रवार सुबह से शाम तक विशेष अभियान चलाया। इस दौरान नशा तस्करी में शामिल 16 युवकों को गिरफ्तार किया गया। एसएचओ रामदयाल ने बताया कि 40 नशा तस्करों की एक लिस्ट तैयार की है। टीम के साथ उनके घरों में छापे मारे। टीमों ने घरों की छतों से लेकर कोने कोने में सर्च किया। एसएचओ ने बताया कि यह मुहिम नशा खत्म करने के लिए है। जो लोग नशा बेच रहे हैं उन्हें सुधरने का आखिरी मौका है। नहीं तो उन्हें सुधारा जाएगा। लोगों को नशा मुक्त माहौल देना है। एसएचओ ने कहा कि ड्रग्स का सेवन करने वालों की पहचान कर उन्हें नशा मुक्ति केंद्र भेजा जाएगा ताकि वह नशा छोड़कर जीवन सुधार सकें।
एसएचओ ने कुछ दिन पहले सेक्टर-38बी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में बैठक की थी। जिसमें उन्होंने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त करते हुए नशा तस्करों को चेतावनी दी थी कि या तो नशा छोड़ दो या फिर इलाका छोड़ दो। इसके बाद सेक्टर-56 में भी ऐसी ही बैठक की गई।
शुक्रवार सुबह करीब 6:30 बजे एसएचओ रामदयाल टीमों के साथ सेक्टर-38ए, सेक्टर-38 डी और सेक्टर-56 पलसौरा में नशे के गढ़ में दबिश दी। पुलिस ने तीनों स्थानों से 16 लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने इनके खिलाफ कलंदरा बनाकर अरेस्ट किया है। सभी को थाने के हवालात में रखा गया है। पुलिस सभी को आरोपियों को शनिवार को अदालत में पेश करेगी। आरोपियों में अधिकतर धनास, सेक्टर 25, सेक्टर 38 के हैं। तीन आरोपी मोहाली के हैं। एसएचओ ने बताया कि इनमें कई आरोपी नशे के आदी हैं। कुछ नशा खरीदने के लिए आए थे।
इन आरोपियों को पुलिस ने उठाया
पुलिस ने खुड्डा अलीशेर से पुष्पिंदर, धनास के स्मॉल फ्लैट्स से अफताफ, खुड्डा अलीशेर से आदित्य शर्मा, मलोया से अंकुश, मोहाली के गांव फंतूआ से इंद्रप्रीत सिंह, सेक्टर 25 से प्रदीप, मलोया के स्मॉल फ्लैट्स से सूरज, धनास के स्मॉल फ्लैट्स से राहुल, सेक्टर 38 से शिव कुमार शामिल हैं। दूसरी कार्रवाई में सेक्टर 40 बी से उर्विंदर सिंह, सेक्टर 38 वेस्ट से शिवा, मलोया के स्मॉल फ्लैट्स से भोलू, गांव तोगां से सचिन, सेक्टर 25 से सुरिंदर सिंह, सेक्टर 38 ए से मुनीष और धनास के स्मॉल फ्लैट्स से उमेश को काबू किया गया।