पंजाब के बरनाला में प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के नाम पर गड़बड़झाला सामने आया है। यहां के हंडियाया रोड पर प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के नाम पर एक दफ्तर खोलकर लोगों के साथ धोखाधड़ी की जा रही थी। पुलिस ने छापेमारी करते हुए आरोपियों को धर दबोचा है। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के नाम पर चल रहे दफ्तर पर सोमवार को एसडीएम संदीप कुमार ने भारी पुलिस फोर्स के साथ औचक छापामारी की। जांच के बाद दफ्तर सील कर दिया और दो मुलाजिमों को गिरफ्तार कर थाने भेजा।
एसडीएम संदीप कुमार ने बताया कि आरोपी प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत जरूरतमंदों की वित्तीय मदद की आड़ में लोगों से आर्थिक लूट कर रहे थे। एक फाइल तैयार करने की बदले गरीबों से 3000 हजार रुपये ले रहे थे और कर्ज किसी को नही दे रहे थे। एसडीएम ने बताया शिकायत मिलने पर उन्होंने औचक रेड मारी। इस दौरान कई लोगों के दिए रुपये भी बरामद कर लिए गए हैं।
एसडीएम ने बताया पकडे़ गए दो आरोपियों को पुलिस के हवाले कर केस रजिस्टर्ड करने के आदेश दिए गए हैं। थाना प्रभारी मनजीत सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद अगली कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है आरोपी कांग्रेस नेताओं के करीब है। इसके चलते कांग्रेसी नेता आरोपियों के बचाने के लिए अधिकारियों पर सियासी दबाव डाल रहे हैं। डीसी धर्मपाल गुप्ता और एसडीएम ने कहा कि वह कोई सियासी दबाव नही मानेंगे। कानून के अनुसार आरोपियों पर कार्रवाई होगी।