चंडीगढ़। सेक्टर-53 स्थित कच्चा रास्ता के पास से पुलिस ने एक युवक को सिंगल बैरल गन के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसको उस वक्त दबोचा, जब वह मोहाली की ओर से आ रहा था। आरोपी की पहचान सेक्टर-52 निवासी रिंकू के रूप में हुई। सेक्टर 36 थाना पुलिस ने रिंकू पर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर सेक्टर 36 थाने में तैनात एएसआई रविंदर कुमार बीते रविवार को सेक्टर-53 में चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान सूचना मिली कि आरोपी रिंकू देसी कट्टा लेकर मोहाली से चंडीगढ़ आ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने कच्चे रास्ते पर नाका लगाया। पुलिस टीम को देखकर रिंकू वापस जाने लगा। जिसके बाद टीम ने उसका पीछा किया और उसे थोड़ी दूर जाकर दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से सिंगल बैरल गन और एक गोली बरामद हुई।