सीनियर पत्रकार केजे सिंह व उसकी मां गुरचरण कौर के कत्ल के आरोपी गौरव को पुलिस ने भले ही काबू कर लिया है। लेकिन अभी तक पुलिस को आरोपी द्वारा हत्या के पीछे बताई गई कहानी गले नहीं उतर रही है।
यह बात उस समय साफ हो गई जब शुक्रवार को आरोपी को अदालत में पेश करते समय पुलिस द्वारा उसका रिमांड मांगने के लिए तीन दलीलें दी गईं। इस दौरान पुलिस की पहली दलील थी कि केजे सिंह की हत्या के पीछे का मोटिव अभी तक साफ नहीं हो पाया है। थप्पड़ मारने से कोई गुस्से में आकर कोई खून कर दे। इस बात की पड़ताल करनी है। इसी तरह केजे सिंह व उनकी मां की हत्या को अंजाम आरोपी के मुताबिक उसने अकेले ही दिया है। इस बात पर भी संशय है। पुलिस ने अदालत को दलील दी कि उन्हें रिमांड में इस चीज का पता करना है कि हत्या को अंजाम देने में उसके साथ कितने लोग शामिल थे।
पुलिस ने कहा कि अभी तक पूछताछ में यह बात साफ नहीं हो पाई है। इसके अलावा पुलिस ने कहा कि हत्या के बाद से केजे सिंह के घर से एलसीडी भी गायब है। लेकिन अभी तक भी उसका कोई सुराग नहीं लग पाया है। उसको भी आरोपी की निशानदेही पर बरामद करना है। इस दौरान पुलिस की तरफ से असिस्टेंट डिस्ट्रिक अटार्नी रविंदर सिंह पेश हुए थे। इसके अलावा मटौर थाने के एसएचओ जरनैल समेत कई पुलिस मुलाजिम शामिल थे।