राधे मां बार-बार फोन करती है, कहती है मैं तुम्हे पसंद करती हूं। इस बात को लेकर एक नौजवान ने थाने में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन एसएसपी फंस गए। राधे मां के खिलाफ शिकायत के बावजूद पंजाब पुलिस की ओर से कार्रवाई न करने को लेकर दाखिल याचिका पर पंजाब- हरियाणा हाईकोर्ट ने कपूरथला के एसएसपी सतिंदर सिंह को तलब कर लिया है।
याचिकाकर्ता के वकील ने कोर्ट में बताया कि सभी एविडेंस पुलिस को बहुत पहले दे दिये थे, लेकिन अब तक पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। यहां तक कि राधे मां और सुरिंदर मित्तल की बातचीत की सीडी पुलिस को दी गई लेकिन पुलिस ने राधे मां के वॉयस सैंपल लेने के लिए उसे बुलाया नहीं। बल्कि टीवी इंटरव्यू से सैंपल लिए गए हैं।
कोर्ट ने कहा पुलिस क्यों कोर्ट के आदेशों का पालन नही कर रही है और क्यों कोर्ट के आदेश हल्के में लिए जा रहे हैं। हाइकोर्ट ने अब सख्त रवैया अपनाते हुए कपूरथला एसएसपी को अगली सुनवाई में पेश होने के निर्देश दिए है। याचिका दाखिल करते हुए सुरिंदर मित्तल ने बताया कि वर्ष 2015 में हाईकोर्ट में याचिका दायर कर उन्होंने कहा था कि राधे मां धर्म के नाम पर लोगों को गुमराह कर रही हैं।
वे खुद को मां दुर्गा का अवतार बताती हैं और लोगों को धर्म के नाम पर गुमराह करती हैं। अक्सर ही वे हाथ में त्रिशूल लिए मां दुर्गा का वेश धारण कर जागरणों में पहुंच जाती हैं। मामले को लेकर याचिकाकर्ता ने एसएसपी कपूरथला को शिकायत भी दी थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।