मोहाली। गांव सोहाना स्थित गुरुद्वारा साहिब के पास पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान व्यक्ति को बिना नंबर की चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अमनदीप सिंह वासी गांव मड़ोली खुर्द जिला रोपड़ के रूप में हुई है। सोहाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया। अदालत ने उसे रोपड़ जेल भेज दिया गया हैं। एसएचओ सुमित मोर ने बताया कि एएसआई जसवंत पुलिस टीम के साथ गुरुद्वारा साहिब सोहाना के पास थे तभी मुखबिर ने जानकारी दी थी कि आरोपी बिना नंबर की चोरी की मोटरसाइकिल लेकर घूम रहा है जिसे नाकाबंदी कर पकड़ा जा सकता है। पुलिस ने तुरंत नाकाबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया। जब पुलिस ने आरोपी से मोटरसाइकिल के कागज मांगे तो आरोपी कुछ भी नहीं दिखा पाया। जब पुलिस ने सख्ती से आरोपी से मोटरसाइकिल के बारे में पूछा तो उसने बताया कि यह मोटरसाइकिल चोरी की है। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के बताए ठिकाने से मिले पांच और वाहन
पूछताछ के दौरान आरोपी ने मोहाली और चंडीगढ़ से चोरी हुई पांच मोटरसाइकिल और एक स्कूटी के बारे में भी बताया। पुलिस ने मौके पर जाकर सभी पांच वाहनों को उसके बताए गए ठिकाने से बरामद किया। सूत्रों के अनुसार आरोपी पहले भी कई वाहन चुराकर बेच चुका है।