चंडीगढ़। शहर में पिछले कुछ दिन में वाहनों पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर घूमने के मामलों में काफी बढ़ोतरी हुई है। इसी कड़ी में अब पुलिस ने सेक्टर-44 में बीट बॉक्स के पास नाके से फर्जी नंबर प्लेट लगाकर घूम रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
आरोपी के खिलाफ सेक्टर-34 थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। आरोपी की पहचान नितिन कुमार निवासी सैनी गुरुद्वारा गांव बुड़ैल के रूप में हुई। जांच टीम ने उसे कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
सेक्टर-34 थाना पुलिस ने बीते बुधवार को सेक्टर-44 में बीट बाॅक्स के नजदीक नाकाबंदी की थी। इसी दौरान पुलिस ने शक के आधार पर बाइक सवार को रोका और उसे दस्तावेज दिखाने को कहा, लेकिन वह पेश नहीं कर सका। जब पुलिस ने अपने स्तर पर जांच की तो पता चला कि बाइक पर लगी नंबर प्लेट फर्जी है। आरोपी ने एचपी-37ई-9154 चोरी की गई जुपिटर (जुपिटर का असली नंबर एचआर-03-एडी-8440) का प्रयोग कर रहा था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सेक्टर-34 थाने में मामला दर्ज कर लिया।