मनीमाजरा। इंदिरा कॉलोनी में नशे के खिलाफ आईटी पार्क थाना पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। थाना प्रभारी मिनी भारद्वाज ने पुलिस बल के साथ शुक्रवार को खेड़ा मंदिर के सामने लंबे समय से खड़े संदिग्ध वाहनों को हटवाया। स्थानीय लोगों ने इन वाहनों की आड़ में नशे के कारोबार की शिकायत की थी। पुलिस ने संदिग्ध घरों और ठिकानों की भी जांच की। गलियों, पार्कों और सार्वजनिक स्थानों पर गश्त बढ़ाई गई है। क्षेत्रीय पार्षद और डिप्टी मेयर सुमन शर्मा ने मामला पुलिस के समक्ष उठाया था। पुलिस का कहना है कि संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।