फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Chandigarh News: प्याज ने फिर रुलाया, चंडीगढ़ में 55 रुपये किलो तक पहुंचा भाव

विज्ञापन
विज्ञापन
चंडीगढ़। रसोई के बजट पर एक बार फिर प्याज की बढ़ती कीमतों का असर दिखने लगा है। देशभर में पिछले एक महीने में प्याज के दाम करीब 25 से 30 फीसदी तक बढ़े हैं। चंडीगढ़ में भी प्याज का भाव एक माह पहले के 40-45 रुपये से बढ़कर अब 50 से 55 रुपये किलो तक पहुंच गया है। 21 अगस्त के मंडी आंकड़ों में प्याज का औसत भाव करीब 50 रुपये किलो दर्ज किया गया। वहीं, 17 अगस्त को अच्छे प्याज का भाव 35 रुपये और छोटे प्याज का भाव 40 से 50 रुपये किलो तक था।
विज्ञापन

महंगे प्याज का असर घरों की रसोई पर भी दिख रहा है। सेक्टर-25 से मंडी में खरीदारी करने पहुंचे इरफान अंसारी ने बताया कि पहले सब्जी में पांच प्याज इस्तेमाल करते थे, अब कीमत बढ़ने के कारण दो प्याज से ही काम चलाना पड़ रहा है। सेक्टर-37 से खरीदारी करने पहुंचीं मनरीत ने बताया कि कुछ समय पहले प्याज 25 से 30 रुपये किलो मिल रहा था, लेकिन अब अचानक भाव 50 रुपये तक पहुंच गया है।
बारिश से खराब हो रहा प्याज, मांग ज्यादा और सप्लाई कम
चंडीगढ़ मार्केट कमेटी के सचिव राजेंद्र कुमार के अनुसार मौसम की वजह से प्याज काफी खराब हो रहा है। फिलहाल मांग ज्यादा है जबकि सप्लाई सीमित है। कीमतों को नियंत्रित करने के लिए नैफेड का प्याज जल्द बाजार में आने की उम्मीद है।
विज्ञापन

मंडी आढ़ती विनय दुबे ने बताया कि महाराष्ट्र से प्याज की आवक कम हो गई है। बारिश के कारण सप्लाई भी प्रभावित हुई है। फिलहाल मार्च-अप्रैल में निकले गर्मी के प्याज का स्टॉक ही बाजार में चल रहा है। नई खरीफ प्याज की आवक अक्तूबर के मध्य से शुरू होने की उम्मीद है। तब तक मांग के मुकाबले सप्लाई कम रहने पर कीमतों पर दबाव बना रह सकता है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें