गोरू बच्चा गैंग के पांच गैंगस्टर गिरफ्तार
पेशी के दौरान गैंगस्टर को छुड़ाने की योजना एसटीएफ पंजाब व जिला पुलिस ने नाकाम किया है। संयुक्त ऑपरेशन में पुलिस ने गोरू बच्चा गैंग के पांच सदस्यों को दबोचा है। तीन गैंगस्टर पुलिस को चकमा देकर भागने में कामयाब रहे। पुलिस ने इनसे दो पिस्टल, पांच कारतूस और चार दातर बरामद किए हैं। सीआईए स्टाफ कपूरथला में प्रेस कांफ्रेंस में एसएसपी संदीप कुमार शर्मा और एसटीएफ पंजाब के एआईजी इंटेलीजेंस दिलजिंदर सिंह ढिल्लो ने बताया कि डीएसपी भुलत्थ नवनीत सिंह माहल, थाना ढिलवां के कार्यकारी इंचार्ज एएसआई जग्गा सिंह ने मियानी अड्डा ढिलवां पर नाकाबंदी की थी।
इस दौरान उन्हें सूचना मिली कि ढिलवां धुस्सी बांध पर गोरू बच्चा गैंग के सदस्य कपूरथला जेल में बंद साथी जरनैल सिंह चैरी को पेशी भुगतने जाने के दौरान फायरिंग करके भगाने की योजना बना रहे हैं। साथ ही वह किसी बड़े डाके की प्लानिंग कर रहे हैं। इस पर पुलिस ने तुरंत वहा रेड की।
एसएसपी के मुताबिक वहां हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी पुत्र मंगलजीत सिंह निवासी ढिलवां, अजय उर्फ अंजू मसीह निवासी रईया, जोधा निवासी मिर्जापुर, हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी पुत्र जागीर सिंह निवासी बुटरकलां, गुरविंदर रंधावा उर्फ बाबा निवासी चन्नके मेहता, जतिंदर सिंह उर्फ भोलू निवासी कुद्दूवाल व सतवंत सिंह निवासी दाऊदपुर हथियारों और किरपानों से लैस होकर मौजूद थे।
पुलिस पार्टी को देखकर बाकी साथी फरार हो गए
पुलिस पर फायरिंग कर साथी को छुड़ाने की योजना थी
हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी पुत्र मंगलजीत सिंह को पुलिस ने दबोच लिया। इसके पास से दो दातर बरामद हुए। एसएसपी ने बताया कि हैप्पी से पूछताछ के बाद एसटीएफ ने वहां से फरार हुए गैंगस्टर जतिंदर सिंह उर्फ भोलू, हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी पुत्र जागीर सिंह, गुरविंदर सिंह रंधावा उर्फ बाबा को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से दो पिस्टल और दो दातर बरामद किए हैं। एसएसपी ने बताया कि बरामद पिस्टल में एक लाइसेंसी है।
यह पिस्टल इन लोगों ने जीएस गन हाउस के मालिक के बेटे गुरजीत सिंह से लिया है। पुलिस ने गन हाउस के मालिक गुरजीत सिंह के पुत्र गुरविंदर सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया है। फारर तीन सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापामारी कर रही है। इस दौरान एसपी जांच बहादुर सिंह सग्गू, डीएसपी भुलत्थ नवनीत सिंह माहल मौजूद थे।