नाली के विवाद को लेकर रंजिश वश पड़ोसी की युवती का अश्लील एमएमएस बनाने और उसके साथ छेड़छाड़ करने की धमकी देने के मामले में पीड़िता के परिजनों ने अब आरोप लगाया है कि पुलिस आरोपी युवक को बचाने में लगी हुई है। मामले में एमएमएस बनाने की धमकी देने से आहत होकर पीड़िता ने छत से छलांग लगा दी थी।
अस्पताल में उपचाराधीन पीड़िता के परिजनों ने कहा है कि मोहल्ला आनंदपुर में 14 सितंबर को हुई घटना के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला तो दर्ज किया था, लेकिन अब पुलिस आरोपी को बचाने के लिए केस को उल्ला घुमा रही है।
पीड़िता की मां ने बताया कि पुलिस आरोपी युवक योगेश के खिलाफ कार्रवाई की बजाए उल्टा आत्महत्या का प्रयास करने के लिए उन पर ही मामला दर्ज करने की धमकी दे रही है। पुलिस ने एफआईआर में यह लिखा है कि पीड़िता छत से गिर गई थी। इसके अलावा उन्होंने मामले की तफ्तीश कर रहे एएसआई सुरजीत सिंह पर उन्हें धमकाने का और आरोपी को बचाने का आरोप लगाया है।
पीड़िता के मामा ने कहा कि एएसआई सुरजीत सिंह उन्हें बार-बार आत्महत्या का मामला दर्ज करने की धमकी दे रहे हैं, लेकिन सरेआम घूम रहे योगेश को पकड़ने के लिए वे कुछ नहीं कर रहे। इस संबंध में एसएचओ विपिन कुमार ने कहा कि मामले में पुलिस वाजिब कार्रवाई करने में लगी हुई है। किसी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।