चंडीगढ़। केंद्र सरकार की घोषणा के बाद प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना (पीएमजीकेएवाई) के तहत मिलने वाला राशन शहरवासियों को अगले हफ्ते से मिलना शुरू हो जाएगा। शहर के 64 हजार परिवारों को यह राशन दिया जाएगा। इसके अलावा इस बार शहर के उन 6000 परिवारों को भी राशन मिलेगा, जिनके पास राशन कार्ड नहीं है और न ही उनके खाते में सब्सिडी आती है।
योजना के तहत शहर के करीब 64 हजार लाभार्थियों के प्रत्येक परिवार को पांच माह के लिए प्रति व्यक्ति 5 किलो गेहूं और प्रति परिवार 5 किलो दाल मुफ्त में मिलेगी। प्रशासन के फूड एंड सप्लाई डिपार्टमेंट ने पिछले हफ्ते राशन के वितरण के लिए टेंडर की प्रक्रिया पूरी की है। इस संबंध में प्रशासन के एक अधिकारी ने बताया कि जुलाई से लेकर नवंबर तक राशन कार्डधारकों को बांटना है, जिसकी प्रक्रिया अगले हफ्ते से शुरू कर दी जाएगी। राशन के वितरण के लिए प्राइवेट एजेंसी हायर की गई है। प्रशासन की तरफ से जारी किए गए आदेशों के अनुसार विभाग यह सुनिश्चित करेगा कि एजेंसी सभी लाभार्थियों को उनके घर तक राशन पहुंचा रही है। इसके अलावा उन्हें एक मोबाइल एप्लीकेशन भी दिया जाएगा, जिसमें रिकॉर्ड मेंटेन करना होगा।
एजेंसी बांटेगी राशन, प्रशासन की तरफ से मिलेगा सुरक्षाकर्मी
राशन के वितरण के समय सोशल डिस्टेंसिंग और भारत सरकार की तरफ से जारी किए गए अन्य निर्देशों का पालन करना होगा। इसके अलावा रोजाना की रिपोर्ट तैयार की जाएगी और अधिकारियों का रूटीन प्लान भी बनाया जाएगा। प्रत्येक टीम के साथ सुरक्षाकर्मी भी उपस्थित होगा ताकि किसी भी स्थिति से निपटा जा सके। साथ ही अगर वितरण प्रक्रिया में किसी तरह की कोई लापरवाही या शिकायत सामने आती है तो कार्रवाई भी की जाएगी।