प्रधानमंत्री मोदी ने पंजाब में बठिंडा और श्री आनंदपुर साहिब में अपने संबोधन में पाकिस्तान को ललकारा और नोटबंदी पर बयान दिए। जानिए, किसने क्या कहा? प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारतीय किसानों के हक का जो पानी पाकिस्तान से होकर समंदर में बेकार जा रहा है, उसकी एक-एक बूंद केंद्र सरकार इंदूस वाटर ट्रीट्री समझौते के तहत वापस लेकर आएगी।
विज्ञापन
इससे देश भर के किसानों के साथ-साथ विशेष कर पंजाब के किसानों के खेत पानी से भर जाएंगे, जिसके बाद किसानों की जमीन सोना उगलेगी। प्रधानमंत्री ने यह बातें शुक्रवार को बठिंडा में एम्स का नींव पत्थर रखने के बाद कहीं।
उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में ई बैंकिंग के जरिये भ्रष्टाचार को बिल्कुल खत्म कर दिया जाएगा। इसके लिए उन्होंने हर व्यक्ति को अपने मोबाइल को बैंक बनाने का आग्रह करते हुए कहा कि कालेधन और भ्रष्टाचारियों ने मध्य वर्ग के लोगों को लूटा है और गरीबों का हक छीना है, इसलिए केंद्र सरकार मध्य वर्ग को मजबूत करने और गरीबों के हक उन्हें दिलाने के लिए नोटबंदी जैसे कड़े निर्णय लेकर भारत को आगे ले जाएगी।
विज्ञापन
'लोगों को पाकिस्तान के जुल्मों से मिलेगी निजात'
पंजाब में मोदी
- फोटो : अमर उजाला
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जब तक समाज में सोशल इन्फ्रास्ट्रक्चर मजबूत नहीं होगा, तब तक समाज ताकतवर नहीं बन सकता। उन्होंने कहा कि भारत-पाक सीमा के पास रहने वाले लोग सीमा पार से जुल्म सह रहे हैं, लेकिन अब उनको पाकिस्तान के जुल्मों से निजात दिलाई जाएगी।
इस कड़ी के तहत सर्जिकल स्ट्राइक कर पाकिस्तान में हड़कंप मचा दिया था। उन्होंने कहा कि अब पाकिस्तान को भारतीय सेना का जो जवाब मिल रहा है, उससे पाकिस्तान घबरा चुका है। उसको पता चल चुका है कि भारतीय सेना में कितना दम है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि वह फिर भी पाकिस्तान की आवाम से बात करना चाहते हैं कि वहां की सरकारों की ओर से राजनीति करने के लिए कैसे कैसे घटिया किस्म के कदम भारत के खिलाफ उठाए जा रहे हैं, लेकिन फिर भी भारत के लोग पाकिस्तान के लिए बुरा नहीं सोचते।
क्योंकि उनको पता है कि पाकिस्तान के लोग भी गरीब हैं और वह अपनों की ओर से किए जा रहे जुल्मों से छुटकारा चाहते हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने पाकिस्तान सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर उन्होंने लड़ना ही है तो वह आतंकवाद, भ्रष्टाचार और महंगाई के खिलाफ लडे़ं।
देश के हर राज्य में खोले जाएंगे एम्स : नड्डा
पंजाब में मोदी
- फोटो : अमर उजाला
बठिंडा में एम्स का नींव पत्थर रखने के लिए करवाए गए समागम में पहुंचे केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि देश के हर राज्य में एम्स खोले जाएंगे। कई राज्यों में तो एम्स बनाने के लिए काम चल रहा है।
केंद्रीय सेहत मंत्री नड्डा ने कहा कि बठिंडा में एम्स बनने के साथ प्रदेश के लोगों के अलावा पड़ोसी राज्यों को भी सेहत सुविधाएं मिलेंगी। 926 करोड़ की लागत से 177 एकड़ जगह में बनने वाले एम्स का काम तय समय पर साल 2020 में पूरा कर लिया जाएगा।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र में कांग्रेस की सरकार ने कई सालों तक राज किया, लेकिन देश के लोगों की सेहत सुविधा के मद्देनजर कुछ नहीं सोचा। इस वजह से अब मोदी सरकार ने लोगों की सेहत सुविधा को पहल देते हुए ऐसे कदम उठाए हैं।
इसके तहत पटियाला और अमृतसर के मेडिकल कॉलेजों पर कई सौ करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे और साथ ही फाजिल्का में भी कैंसर सेंटर बनाने का काम शुरू हो गया है।
कांग्रेस के समय में केंद्र से पंजाब को कुछ नहीं मिला
पंजाब मे मोदी
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा केंद्र में कांग्रेस के समय में पंजाब को कुछ नहीं दिया गया। सिर्फ पंजाबियों पर केंद्र की कांग्रेस सरकार ने जुल्म ढाया है।
उन्होंने कहा कि बठिंडा में बनाए जा रहे कैंसर सेंटरों पर एक साल के अंदर अंदर बाहरी राज्यों के लोग अपना कैंसर का इलाज करवाने आएंगे। उन्होंने कहा कि सेहत सुविधा के लिए उन्होंने सौ एसी बसों को प्रदेश में चलाया है, जिनमें सवार सेहत विभाग का स्टाफ गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करेंगे।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी से अपील करते हुए कहा कि सूबे के किसानों की ओर से जलाई जा रही पराली को इथनोल बनाने के लिए खरीदा जाए, जिससे किसानों की आमदन में बढ़ोतरी हो जाएगी।
सके अलावा मुख्यमंत्री ने कहा कि वह जल्द ही ऐसे कदम उठाने जा रहे हैं, जिससे प्रदेश के लोगों व किसानों की आमदन दोगुना हो सकें। बादल ने अपने संबोधन दौरान एक बार भी एसवाईएल के मामले पर बोलना मुनासिब नहीं समझा।
केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने कहा कि केंद्र में भाजपा सरकार ने आते ही दूसरे बजट में बठिंडा को एम्स दे दिया, जिसके बाद अब लोग अपना इलाज आसानी से करवा सकेंगे।
कैप्टन अमरिंदर सिंह पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कैप्टन एम्स बनाने के लिए धरने लगाने की बातें कर रहे थे, लेकिन अब एम्स बनने जा रहा है। इसको वह रोक नहीं सकते। उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार की बदौलत ही अब 84 दंगा पीड़ितों को 32 सालों के बाद इंसाफ मिलेगा।
क्योंकि इस दंगे के जिम्मेदार जगदीश टाइटलर और सज्जन कुमार को बार-बार केंद्र की ओर से पूछताछ के लिए बुलाया जा रहा है। केंद्रीय मंत्री विजय सांपला ने कहा कि साढे़ सात सौ बिस्तर के बनने वाले एम्स में लोगों का इलाज तो होगा ही साथ में 16 ऑपरेशन थिएटर होंगे। उन्होंने कहा कि एम्स में हर साल करीब 100 छात्र दाखिला ले सकेेंगे।
उपमुख्य मंत्री सुखबीर सिंह बादल ने 25 साल सत्ता में रहने का दावा करते हुए कहा कि प्रदेश के लोगों दोनों पार्टियों से नफरत करने लगे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लोगों को गुमराह करने आई नई टोपी वाली पार्टी ने एसवाईएल मामले पर पंजाब के लोगों व किसानों के साथ धोखा कर दिल्ली में दोगली नीति अपनाई है। उन्होंने बताया कि आने वाले पांच सालों में प्रदेश के 12 हजार गांव को हर सुविधा मुहैया करवाई जाएगी।