फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Haryana: खिलाड़ियों को स्टेट गेम्स के सर्टिफिकेट पर नहीं मिलेगा ग्रेडेशन, खेल विभाग ने किया साफ

Tue, 21 Oct 2025 06:14 PM IST
शाहिल शर्मा अमर उजाला ब्यूरो, चंडीगढ़

सार

खेल विभाग ने साफ कर दिया है कि स्टेट गेम्स 2025 में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को मिलने वाले सर्टिफिकेट के आधार पर अब खेल ग्रेडेशन प्रमाण पत्र जारी नहीं किया जाएगा। खेल विभाग ग्रेडेशन को लेकर सख्ती के मूड में है
विज्ञापन
हरियाणा खेल विभाग - फोटो : हरियाणा सरकार
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हरियाणा सरकार के खेल विभाग ने साफ कर दिया है कि आगामी हरियाणा स्टेट गेम्स 2025 में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को मिलने वाले सर्टिफिकेट के आधार पर अब स्पोर्ट्स ग्रेडेशन सर्टिफिकेट (खेल ग्रेडेशन प्रमाण पत्र) जारी नहीं किया जाएगा। खेल विभाग के प्रधान सचिव की ओर से हरियाणा ओलंपिक संघ (एचओए) को इस संबंध में पत्र जारी किया गया है।
विज्ञापन


विभाग को संज्ञान में आया था कि हरियाणा ओलंपिक संघ द्वारा 2 से 8 नवंबर तक पंचकूला में आयोजित किए जा रहे हरियाणा स्टेट गेम्स के प्रचार में यह कहा जा रहा है कि इस प्रतियोगिता के सर्टिफिकेट से खिलाड़ियों को ग्रेडेशन का लाभ मिलेगा। इस पर विभाग ने कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया है कि स्टेट गेम्स के सर्टिफिकेट हरियाणा सरकार की 15 नवंबर 2018 की अधिसूचना के अनुसार ग्रेडेशन के लिए मान्य नहीं हैं।

खेल विभाग के मुताबिक केवल वही टूर्नामेंट और प्रतियोगिताएं ग्रेडेशन के लिए मान्य हैं जो विभाग द्वारा स्वीकृत और अधिसूचना के तहत सूचीबद्ध हैं। विभाग ने कहा कि हरियाणा स्टेट गेम्स भले ही बड़े स्तर पर आयोजित किए जा रहे हों, लेकिन इस आयोजन को वर्तमान में मान्य प्रतियोगिता की सूची में शामिल नहीं किया गया है। इसलिए इसमें भाग लेने वाले खिलाड़ियों को मिलने वाले प्रमाण पत्रों के आधार पर किसी भी स्तर का खेल ग्रेडेशन प्रमाण पत्र जारी नहीं किया जाएगा।
विज्ञापन


खेल विभाग ने खिलाड़ियों से अपील की है कि वे किसी भी आयोजन में भाग लेने से पहले उसकी मान्यता अवश्य जांच लें, ताकि बाद में ग्रेडेशन या नौकरी संबंधी लाभों के लिए किसी प्रकार की गलतफहमी न हो। विभाग ने इस आदेश की प्रति राज्य के खेल मंत्री, प्रधान सचिव, महानिदेशक खेल विभाग तथा अतिरिक्त निदेशक (प्रशासन) को भी भेजी है। संकेत साफ हैं कि खेल विभाग ग्रेडेशन को लेकर सख्ती के मूड में है, ताकि फर्जी या गैर-मान्यता प्राप्त प्रतियोगिताओं के जरिए लाभ लेने की प्रवृत्ति पर अंकुश लगाया जा सके।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें