चंडीगढ़। लॉन टेनिस स्टेडियम सेक्टर-10 में वीरवार को सीएलटीए आएटा नेशनल टेनिस सीरीज के क्वार्टर फाइनल के मुकाबले खेले गए। वीरवार को गर्मी और उमस भरा दिन रहा, इसका असर टेनिस खिलाड़ियाें पर भी देखने को मिला। लड़कियों के अंडर 18 आयु वर्ग में यूपी की सताक्षी और हरियाणा की जैसमीन कौर के बीच पहला सेट 5-2 से चल रहा था। इसी बीच गर्मी और उमस ने जैसमीन कौर को काफी परेशान कर दिया। इसकी वजह से खिलाड़ी को मैच को बीच में छोड़ देना पड़ा। इसके बाद जैसमीन को सीएलटीए स्टेडियम के वेटिंग रूम में लेकर जाया गया, जहां गर्मी से बेहाल इस खिलाड़ी के सिर पर बर्फ को कपड़े में रखकर सिर पर रखा गया। कुछ देर बाद इस खिलाड़ी के परिजन उसे अपने साथ ले गए।
वहीं, महिका खन्ना और मानसी सिंह के बीच चल रहा मुकाबला भी गर्मी के चलते पूरा नहीं हो पाया। इस दौरान कुछ देर के लिए मानसी को रेस्ट रूम में रखना पड़ा। इसके बाद श्रेया शर्मा और तमन्ना वालिया के बीच मैच को भी कुछ देर के लिए रोकना पड़ा। तमन्ना को गर्मी के चलते कुछ देर तक रेस्ट रूम में रखना पड़ा, लेकिन इसके बाद यह खिलाड़ी वापस आई और मैच को पूरा किया। इस मैच को श्रेया शर्मा ने 6 -3, 6-4 से जीत लिया।