चंडीगढ़। केंद्र सरकार की ओर से जल सरंक्षण का महत्व समझाने के लिए ‘जल शक्ति अभियान’ योजना की सोमवार को चंडीगढ़ में शुरुआत की गई। इसके तहत शहर के सभी 114 सरकारी एवं प्राइवेट स्कूलों में इको क्लब दिवस मनाया गया। इस अवसर पर जीएमएसएसएस-16 में आयोजित विशेष कार्यक्रम में यूटी प्रशासक के सलाहकार मनोज परीदा बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे। उन्होंने जल सरंक्षण की थीम पर आयोजित 500-600 छात्रों की रैली को झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके अलावा करीब 100 छात्रों ने पौधारोपण में हिस्सा लिया।
स्कूल के छात्रों ने पानी को बचाने के लिए एक छोटी सी स्कीट भी प्रस्तुत की, जिसे दर्शकों ने बहुत सराहा। अपने भाषण में मनोज परीदा ने जीएमएसएसएस 16 के बच्चों और कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की और बच्चों को पानी बचाने और बचाने में योगदान करने के लिए प्रेरित किया। एक कहानी के माध्यम से भविष्य की पीढ़ियों के लिए पर्यावरण जो संचार का एक प्रभावी तरीका था। उन्होंने यह कहकर निष्कर्ष निकाला कि हम अपने पूर्वजों द्वारा लगाए गए पेड़ों के फल का आनंद लेते हैं और अब हमारी विरासत हमारी आने वाली पीढ़ियों को देने की बारी है। इस कार्यक्रम में डीसी मनदीप सिंह बराड़, एसडीएम (सी) नाज़ुक कुमार, डीएसई रुबिंदरजीत सिंह बराड़, डीईओ अनुजीत कौर आदि उपस्थित थे।
जीएमएसएसएस-23ए में पौधरोपण
जीएमएसएसएस-23ए में भी योजना के तहत पौधरोपण किया गया। कार्यक्रम में डीईओ अनुजीत कौर मुख्य रूप से पहुंचीं। पूरे कार्यक्रम की थीम जल सरंक्षण एवं पौधारोपण रही।
जीएचएस-30 में पौधरोपण के साथ रैली निकाली
जीएचएस-30 में पौधारोपण के साथ जल संरक्षण पर एक जागरूकता रैली निकाली गई। रैली को प्रिंसीपल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर अधिक से अधिक पेड़ लगाने और पानी बचाने को लेकर शपथ भी दिलाई गई। बच्चों को प्रिंसिपल द्वारा रिफ्रेशमेंट भी बांटी गई।
जीएमएचएस-41ए में पौधरोपण कर समझाया जल संरक्षण का महत्व
जीएमएचएस-41ए में जल शक्ति अभियान योजना के तहत पौधारोपण किया गया। इसके अलावा स्टूडेंट्स को जल संरक्षण के महत्वों की जानकारी दी गई। स्कूल के सभी स्टॉफ और हेडमास्टर संजीव अरोड़ा इस मौके पर उपस्थित रहे। गौरतलब है कि जल शक्ति अभियान योजना के तहत रेन वॉटर हार्वेस्टिंग, वॉटर बॉडीज/टंकियों के रेनोवेशन, रियूज एवं रिचार्ज स्ट्रक्चर आदि विषयों पर भी काम किया जाएगा।
अंकुर स्कूल ने निकाली जागरूकता रैली
पंजाब यूनिवर्सिटी स्थित अंकुर स्कूल के स्टूडेंट्स ने जल संरक्षण के लिए जागरूकता रैली निकाली। रैली स्कूल से यूनिवर्सिटी कैंपस होते हुए वापस स्कूल में खत्म हुई। इस मौके पर मुख्य अतिथि डॉ. किरण बहल ने पौधरोपण किया। प्रिंसिपल परमिंदर दुग्गल ने इस मौके पर कहा कि हम सभी को जल संरक्षण की आदत डालनी चाहिए व बच्चों को संरक्षण के सभी उपायों की जानकारी होनी चाहिए।
रैली के माध्यम से समझाया जल की महत्ता े
सेक्टर-41 स्थित अजीत करम सिंह इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल में जल संरक्षण को लेकर बच्चों द्वारा एक जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के अलावा स्कूल के सामने स्थित पार्क में पौधरोपण भी किया। इस दौरान एक्सिप्स के एग्जीक्यूटिव डॉयरेक्टर जसदीप कालरा व स्कूल की प्रिंसिपल रीतु बाली भी मौजूद रहीं।
किड्स आर किड्स स्कूल के बच्चों ने बनाए पोस्टर
सेक्टर-42सी स्थित किड्स आर किड्स स्कूल के स्टूडेंट्स की तरफ से पानी बचाने का संदेश देते हुए जागरूकता रैली और जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। स्कूल कैंपस में रखे गए सेमिनार के दौरान छात्रों को रोजाना कम हो रहे पानी के स्रोतों के बारे में जागरूक करने के साथ साथ पानी के सही उपयोग बारे भी जानकारी दी गई। इस दौरान एक जागरूकता रैली भी निकाली गई, जिसमें स्टूडेंट्स ने अपने हाथों से बनाए पोस्टर और बैनर पकड़ कर लोगों को जागरूक किया।