फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Chandigarh News: पंजाब भाजपा मुख्यालय, प्रदेश अध्यक्ष आवास और पुलिस हेडक्वार्टर को उड़ाने की थी तैयारी

विज्ञापन
विज्ञापन
चंडीगढ़। बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) ने चंडीगढ़ को दहलाने की बड़ी आतंकी साजिश रची थी। बीकेआई के मॉड्यूल के निशाने पर सेक्टर-37 का पंजाब भाजपा मुख्यालय, सेक्टर-9 में पंजाब भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का आवास और पंजाब पुलिस हेडक्वार्टर था। इससे पहले रविवार को खुफिया इनपुट के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों को आईईडी बनाने की सामग्री और हथियारों के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में इनके विदेश में बैठे बीकेआई हैंडलर सतनाम उर्फ सत्ता नौशेरा से संपर्क का खुलासा हुआ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने चंडीगढ़ पुलिस से पूरे मामले के इनपुट मांगे हैं। गिरफ्तार आरोपियों में तरनतारन निवासी लवप्रीत सिंह, जशनप्रीत सिंह उर्फ जशनदीप और अमृतसर निवासी प्रभप्रीत सिंह उर्फ प्रभ शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों से करीब पांच किलो जिलेटिन की छड़ें, डेटोनेटर, पावर सोर्स और रिमोट ऑपरेटेड डिवाइस बरामद किया है। एक पिस्टल, मैगजीन और पांच कारतूस भी मिले हैं। पुलिस अब विस्फोटक और हथियारों की सप्लाई चेन खंगाल रही है। आशंका है कि विस्फोटक तरनतारन में सीमा पार से उपलब्ध कराए गए थे।
विज्ञापन


इंटेलिजेंस इनपुट पर बढ़ाई निगरानी, ट्रैप लगाकर पकड़े
पंजाब पुलिस की इंटेलिजेंस यूनिट को मॉड्यूल की गतिविधियों के लगातार इनपुट मिल रहे थे। ये इनपुट चंडीगढ़ पुलिस से साझा किए गए। निगरानी बढ़ाने के बाद पुलिस ने ट्रैप लगाया और तीनों को वारदात से पहले दबोच लिया। अब पूछताछ में मॉड्यूल के अन्य सदस्यों और स्थानीय संपर्कों की जानकारी जुटाई जा रही है। जांच के अनुसार सत्ता नौशेरा मोबाइल एप के जरिये लवप्रीत और जशनप्रीत के संपर्क में था। पुलिस डिजिटल नेटवर्क खंगाल रही है। जांच का फोकस यह पता लगाने पर है कि आरोपियों को टारगेट की जानकारी कैसे मिली और विस्फोटक व हथियार किस नेटवर्क से उपलब्ध कराए गए।

तरनतारन-अमृतसर से बॉर्डर बेल्ट तक जांच
डीजीपी डॉ. सागर प्रीत हुड्डा ने क्राइम ब्रांच और ऑपरेशन सेल को मॉड्यूल से जुड़े स्लीपर सेल और स्थानीय नेटवर्क की तलाश के निर्देश दिए हैं। तरनतारन, अमृतसर और बॉर्डर बेल्ट में संदिग्ध संपर्क खंगाले जा रहे हैं। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि हमले की साजिश में कितने लोग शामिल थे और तीनों टारगेट की जानकारी किसने दी।
विज्ञापन


अप्रैल में भाजपा कार्यालय के बाहर हुआ था ग्रेनेड हमला
सेक्टर-37 स्थित पंजाब भाजपा कार्यालय के बाहर अप्रैल में ग्रेनेड हमला हुआ था। मामले में पांच आरोपी गिरफ्तार हुए थे। अब सुरक्षा एजेंसियां दोनों मामलों के नेटवर्क और हैंडलरों के बीच संभावित कड़ी की जांच कर रही हैं। एनआईए ने चंडीगढ़ पुलिस से मामले की जानकारी मांगी है। इससे विदेशी हैंडलर, सीमा पार से संभावित विस्फोटक सप्लाई और स्थानीय नेटवर्क की जांच का दायरा बढ़ेगा। शहर के संवेदनशील सरकारी और राजनीतिक ठिकानों की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें