चंडीगढ़। कोरोना का प्रसार तेेेजी से हो रहा है। इसी के साथ पीयू भी अपनी प्लानिंग बदल रहा है। नए शैक्षणिक सत्र में दाखिले ऑनलाइन करने की योजना है। इस पर पूरा खाका तैयार हो रहा है। काउंसलिंग स्टूडेंट्स की किस तरह पीयू के अधिकारी करेंगे यह भी योजना का हिस्सा है। चुनौती पीयू के सामने बड़ी है लेकिन कोशिशों का पहाड़ भी बड़ा खड़ा किया जा रहा है।
पीयू में हर साल 8 से नौ हजार स्टूडेंट्स के नए एडमिशन होते हैं। स्नातक व परास्नातक कक्षाओं के अलावा डिप्लोमा व सर्टिफिकेट कोर्स में भी विद्यार्थी एडमिशन लेते हैं। किसी को परीक्षा की प्रक्रिया से गुजरना होता है तो किसी को मेरिट स्तर से। इस बार प्रवेश परीक्षाएं करवाना भी पीयू के लिए कठिन होगा। हालांकि ऑनलाइन परीक्षाएं करवाने की योजना है। इस पर काम चल रहा है।
इसके अलावा छात्रों से आवेदन लेने, उनकी जांच करने, उन्हें काउंसिलिंग के लिए पत्र या मेल भेजने आदि की व्यवस्था बनाई जा रही है। नौ हजार स्टूडेंट्स के ऑनलाइन प्रक्रिया से प्रवेश करना आसान नहीं है। सूत्रों का कहना है कि पीयू की ओर से इसका खाका तैयार किया जा रहा है। यदि कोविड का स्तर कम हो गया तो पुराने तरीकों से ही प्रवेश होंगे और कोविड बढ़ता है तो पीयू ऑनलाइन प्रक्रिया अपनाएगा।