मनीमाजरा। पिपली वाला टाउन से होकर गुजरने वाली रेलवे अंडरब्रिज से शिवालिक गार्डन तक की सड़क राजनीति की भेंट चढ़ गई है। स्थानीय लोगों और व्यापारियों में इसे लेकर गहरा रोष है। व्यापार मंडल पिपली वाला टाउन मार्केट के प्रधान मोहन लाल, नवनी बेदी, बजरंग गुप्ता, चेयरमैन रामेश्वर गिरि का कहना है कि यह सड़क इलाके की मुख्य कड़ी है और वर्षों से इसके निर्माण की मांग की जा रही है। इस सड़क का कार्य प्राथमिकता में रखा गया था लेकिन मौजूदा पार्षदों ने राजनीतिक द्वेष के चलते अपने क्षेत्रों की सड़कों को पहले बनवाकर इस क्षेत्र की अनदेखी कर दी।
व्यापार मंडल ने उठाई आवाज
व्यापार मंडल पिपलीवाला के पदाधिकारियों ने बताया कि इस मामले को लेकर चंडीगढ़ नगर निगम के आयुक्त अमित कुमार को भी अवगत कराया जा चुका है लेकिन अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। व्यापारियों का कहना है कि बार-बार मांग के बावजूद प्रशासन और ठेकेदार दोनों ही इस दिशा में लापरवाह बने हुए हैं।
प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग
व्यापार मंडल पिपली वाला टाउन ने चंडीगढ़ प्रशासन से आग्रह किया है कि जब तक सड़क का निर्माण कार्य शुरू नहीं होता संबंधित ठेकेदार के बकाया बिलों पर रोक लगाई जाए। आम आदमी पार्टी ग्रामीण प्रदेश महासचिव हरप्रीत सिंह हैप्पी के साथ इलाके के लोगों ने भी प्रशासन से अपील की है कि पिपलीवाला टाउन को नजरअंदाज न किया जाए और जल्द से जल्द सड़क का कार्य शुरू कराकर इस लंबे इंतजार को खत्म किया जाए। वहीं, दुकानदारों का कहना यह कहना कि अगर 5 दिनों के अंदर सड़क बनाने का काम न शुरू किया गया तो फिर एक बड़े स्तर पर रोष प्रदर्शन किया जाएंगा।