हरियाणा रोडवेज की बस में जबरदस्त धमाका, कई यात्री घायल
- फोटो : अमर उजाला
पिपली (कुरुक्षेत्र) के पास रोडवेज बस में धमाका करने वाले बम बनाने में माहिर था। यह कहना है हरियाणा पुलिस का। हालांकि अब भी आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर है। मामले में पुलिस को अभी तक कुछ हासिल नहीं हो सका है। पुलिस फिर भी घटना को अंजाम देने वालों की तलाश में जुटी है। पुलिस की ओर से कहा जा रहा है कि घटना की प्रकृति को देखते हुए ऐसा लगता है कि बस में धमाका करने वाला शख्स बम बनाने और उसे फिट करने में माहिर था।
घटना को अंजाम देने वालों की तलाश कर रही हरियाणा पुलिस की निगाहें नेशनल इनवेस्टिगेशन एजेंसी (एनआईए) सहित देश की अन्य सुरक्षा एजेंसियेां की जांच पर भी टिकी हैं। पुलिस के आधिकारिक सूत्रों की मानें तो बम रखने वाला व्यक्ति बम बनाने में भी माहिर था। साल के शुरुआती पांच महीनों के अंतराल में तीन लो-इनटेंसिटी बम धमाकों ने यह जरूर साबित कर दिया है कि प्रदेश की सुरक्षा पर लगातार खतरा मंडरा रहा है।
बम धमाके की घटना के बाद से ही एनआईए, आईबी सहित तमाम सुरक्षा एजेंसियां सुरक्षा से जुड़े तमाम पहलुओं की छानबीन में जुटी हैं। एडीजीपी(लॉ एंड ऑर्डर) मो. अकील ने शुक्रवार को संवाददाताओं को बताया कि लो-इनटेंसिटी बम के धमाके को पुलिस ने बेहद गंभीरता से लिया है। इसकी जांच के लिए गठित एसआईटी न केवल पिपली, बल्कि इससे पहले कुरुक्षेत्र में हुए दो धमाके की घटनाओं से जुड़े सुबूतों को भी खंगालेगी। उन्होंने बताया कि वे जानने में भी जुटे हैं कि इंप्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) का इस्तेमाल करने वाले कौन हैं और उनका मकसद क्या था।