चंडीगढ़। पीजीआई के सामुदायिक चिकित्सा विभाग और स्कूल के प्रोफेसर सोनू गोयल ने स्कॉलरजीपीएस 2024 में उच्च रैंक वाले विद्वान के रूप में मान्यता प्राप्त करके चंडीगढ़ का नाम रोशन किया है। यह एक अंतरराष्ट्रीय स्तर का मंच है जो शोधकर्ताओं को उनकी रिसर्च की प्रोडक्टिविटी, इंपेक्ट और ओवरऑल क्वालिटी के आधार पर सम्मानित करता है। यह उपलब्धि प्रो. सोनू गोयल को दुनिया भर के शीर्ष 0.5% विद्वानों में शामिल करती है।
प्रोफेसर गोयल ने राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय पत्रिकाओं में 270 से अधिक प्रकाशन लिखे हैं। उन्होंने एक लेखक और संपादक दोनों के रूप में कई पुस्तकों में योगदान दिया है। भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के सहयोग से अंतर्राष्ट्रीय सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रबंधन विकास कार्यक्रम के निदेशक के रूप में उन्होंने पिछले नौ वर्षों में 96 देशों के लगभग 1,400 सीनियर पेशेवरों और नीति निर्माताओं को प्रशिक्षित किया है। तंबाकू नियंत्रण में उनके प्रभावशाली कार्यों से समाज को काफी लाभ हुआ है।