पंजाब के गवर्नर और चंडीगढ़ के प्रशासक वीपी सिंह बदनौर ने मंगलवार को ट्राइसिटी के अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक की। प्रशासक के सुझाव पर यह तय किया गया है कि पीजीआई बापूधाम में पब्लिक हेल्थ की एक टीम भेजेगा, जो एरिया का दौरा कर वहां किए जा रहे कार्यों में सुधार लाने के लिए अपने सुझाव देगी। प्रशासक ने मंगलवार को जीएमसीएच-32, जीएमएसएच-16 और पीजीआई के प्रमुखों के साथ कोरोना वायरस के मरीजों के इलाज व टेस्टिंग-स्क्रीनिंग को लेकर चर्चा की।
स्वास्थ्य सचिव अरुण कुमार गुप्ता ने बताया कि शहर में अभी 154 कोरोना के एक्टिव केस हैं। बढ़ रहे मामलों को देखते हुए सेक्टर-22 स्थित सूद धर्मशाला को कोविड केयर सेंटर बनाया गया है, जिसे जीएमसीएच-32 की मेडिकल टीम की ओर से चलाया जा रहा है। प्रशासक ने एडवाइजर और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को कंटेनमेंट जोन में खास तौर पर नजर रखने के आदेश दिए हैं। प्रशासक ने बताया कि वह बुधवार को शहर के मीडिया कर्मियों के साथ एक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग करेंगे। इसमें 17 मई के बाद लॉकडाउन को कैसे खोला जा सकता है, इस पर सुझाव लेंगे।
सभी एनआरआई का होगा कोविड टेस्ट
एडवाइजर मनोज परिदा ने कहा कि चंडीगढ़ लौट रहे सभी एनआरआई को होटल में क्वारंटीन करने की व्यवस्था पूरी कर ली गई है। इसके लिए होटलों के किराये की एक सीमा तय की गई है। उन्होंने बताया कि बाहर से आने वाले सभी एनआरआई की अनिवार्य तौर पर कोरोना वायरस की जांच की जाएगी। परिदा ने कहा कि कोरोना के उन मरीजों को जिनके पास होम क्वारंटीन की सुविधाएं हैं, उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें अस्पतालों से 10 दिन के बाद घर भेजा जाएगा। इसके अलावा जिन लोगों के पास छोटे घर हैं और वह घर पर सोशल डिस्टेंसिंग के मानदंडों का पालन नहीं कर सकते हैं, उन्हें 17वें दिन के अंत तक संबंधित अस्पतालों में रखा जाएगा।
प्रशासन उठा रहा मजदूरों के टिकट का खर्च: वित्त सचिव
बैठक में वित्त सचिव एके सिन्हा ने बताया कि चंडीगढ़ से रोजाना उत्तर प्रदेश और बिहार के लिए दो स्पेशल श्रमिक ट्रेन चलाई जा रही हैं। इसमें जाने वाले सभी मजदूरों की मेडिकल स्क्रीनिंग की जाती है और टिकट का किराया समेत सभी खर्च चंडीगढ़ प्रशासन की तरफ से उठाया जा रहा है। नगर निगम के कमिश्नर केके यादव ने बताया कि सेक्टर-26 की मंडी को आईएसबीटी-17 में शिफ्ट कर दिया गया है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि सीटीयू बसों के माध्यम से फल और सब्जियों का वितरण कुछ और दिनों तक जारी रहेगा।