चंडीगढ़। पीजीआई के ब्लड बैंक में अत्यधिक ठंड के कारण कर्मचारियों को हो रही परेशानी को लेकर अमर उजाला में प्रमुखता से प्रकाशित खबर का असर बुधवार को देखने को मिला। खबर प्रकाशित होने के बाद पीजीआई प्रशासन सक्रिय हुआ और इंजीनियरिंग विभाग की टीम ने ब्लड बैंक पहुंचकर सेंट्रलाइज्ड एसी सिस्टम की जांच की। इसके बाद उन हिस्सों का तापमान 17 डिग्री सेल्सियस पर रखा गया, जहां संवेदनशील मशीनें और ब्लड उत्पाद सुरक्षित रखे जाते हैं जबकि कर्मचारियों के कार्यस्थल का तापमान सामान्य स्तर पर सेट कर दिया गया।
ब्लड बैंक कर्मचारियों ने इस कदम पर राहत जताई। पिछले दिनों रिनोवेशन कार्य पूरा होने के बाद पूरे ब्लड बैंक का तापमान 17 डिग्री सेल्सियस पर निर्धारित कर दिया गया था। इससे कर्मचारियों को लंबे समय तक ठंड में काम करना पड़ रहा था। स्थिति यह थी कि कुछ कर्मचारी जैकेट पहनकर और छतरी लगाकर ड्यूटी करने को मजबूर थे।
अमर उजाला ने बुधवार के अंक में बाहर 42 डिग्री, पीजीआई के ब्लड बैंक में ठंड से कंपकंपाए कर्मचारी, छाता बना सहारा शीर्षक से खबर प्रकाशित कर इस समस्या को उजागर किया था। खबर के बाद प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लेते हुए इंजीनियरिंग विभाग को आवश्यक बदलाव करने के निर्देश दिए।