चंडीगढ़। पीजीआई के 219 स्वास्थ्यकर्मी कोरोना संक्रमित हो गए हैं। इनमें से 9 डॉक्टर कोविड अस्पताल में भर्ती हैं जबकि 210 स्वास्थ्यकर्मियों को होम आइसोलेशन में रखा गया है। पीजीआई प्रशासन के मुताबिक, संक्रमित होने वालों में अलग-अलग विभागों के डॉक्टर, नर्सिंग ऑफिसर, टेक्निकल स्टाफ व अन्य कर्मचारी शामिल हैं। उधर, ट्राइसिटी में मंगलवार को कोरोना से जहां छह मरीजों की मौत की पुष्टि की गई, वहीं 1191 नए संक्रमित मिले। मृतकों में से पांच मोहाली जबकि एक चंडीगढ़ का रहने वाला था। वहीं, नए संक्रमितों में चंडीगढ़ के 397, मोहाली के 509 और पंचकूला के 285 लोग शामिल हैं।
पीजीआई के मुताबिक, सभी 219 स्वास्थ्यकर्मी कोविड-19 अस्पताल में ड्यूटी के दौरान या अन्य विभागों में संक्रमण की चपेट में आकर पॉजिटिव हुए हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि इनमें से कोई भी गंभीर स्थिति में नहीं है। सभी संक्रमित 219 कर्मचारियों की 17 दिन बाद दोबारा आरटीपीसीआर जांच की जाएगी। तब तक 210 स्वास्थ्यकर्मी होम आइसोलेशन में ही रहेंगे।
चंडीगढ़ में मंगलवार को जिस मरीज की मौत की पुष्टि की गई, उसकी पहचान सेक्टर-15 निवासी 39 वर्षीय पुरुष के रूप में हुई है, जिन्होंने मोहाली स्थित एक निजी अस्पताल में दम तोड़ा। वह कोरोना पॉजिटिव होने के साथ ही किडनी और लीवर की गंभीर बीमारी से ग्रस्त थे। वहीं, एकांतवास में रखे गए 381 मरीजों को 10 दिन की अवधि पूरी हो जाने के बाद डिस्चार्ज किया गया।
मंगलवार को पॉजिटिव मिले 397 मरीजों में पुरुषों की संख्या 233 व महिलाओं की संख्या 164 रही। स्वास्थ्य विभाग ने 24 घंटे में 2785 लोगों की कोरोना की जांच की, जिनमें से 110 की रिपोर्ट आनी बाकी है। तेजी से बढ़ते पॉजिटिव केस से शहर में एक्टिव केसों की संख्या 3370 पर पहुंच गई है। वहीं, अब तक 401 मरीजों की मौत हो चुकी है। मंगलवार को मनीमाजरा में सबसे ज्यादा 32 पॉजिटिव मरीज मिले। इसके अलावा सेक्टर-44 में 22, सेक्टर-27 में 19, सेक्टर-33 में 12, सेक्टर-48 में 10, सेक्टर-40 में 12, सेक्टर-19 में 10, धनास में 8 और पीजीआई में 4 मरीज मिले।
2500 से ज्यादा स्वास्थ्यकर्मी कर रहे ड्यूटी
पीजीआई के सिर्फ कोविड-19 अस्पताल में ही ढाई हजार से ज्यादा स्वास्थ्यकर्मी ड्यूटी कर रहे हैं। इन्हें अलग-अलग शिफ्ट में कोविड-19 आईसीयू, आइसोलेशन वार्ड व अन्य वार्ड में ड्यूटी पर लगाया गया है। बता दें कि पीजीआई के कोविड अस्पताल में मौजूदा समय में 223 मरीज भर्ती हैं।
पीजीआई के 1457 कर्मचारी हो चुकी हैं संक्रमित
कोरोना महामारी के दौरान 2020 से अब तक पीजीआई के कुल 1457 स्वास्थ्यकर्मी संक्रमित हो चुके हैं। पीजीआई प्रशासन ने अब तक इनमें से किसी के मौत की पुष्टि नहीं की है। इसके अलावा जीएमएसएच-16 में अब तक 150 जबकि जीएमसीएच-32 में 100 से ज्यादा स्वास्थ्यकर्मी कोरोना की चपेट में आ चुके हैं।
कोट
पीजीआई में संक्रमित मरीजों का दबाव बहुत ज्यादा है। ऐसे में पीजीआई प्रशासन अपने स्वास्थ्यकर्मियों के बचाव के लिए सभी साधन उपलब्ध करा रहा है। जो स्वास्थ्यकर्मी पॉजिटिव हुए हैं, उनके इलाज के साथ ही फॉलोअप की समुचित व्यवस्था की गई है।
-डॉ. जीडी पुरी, प्रभारी, पीजीआई कोविड अस्पताल