चंडीगढ़। शहर में ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर साइबर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। ठगों ने पीजीआई के एक डॉक्टर को निशाना बनाते हुए 1.10 करोड़ रुपये की ठगी कर ली। सेक्टर 17 के साइबर क्राइम थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-38 निवासी डॉ. राकेश प्रभुगौड़ पाटिल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने दिसंबर 2025 में इंटरनेट मीडिया के माध्यम से शेयर मार्केट की जानकारी लेना शुरू किया था। जनवरी 2026 में उन्हें एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया जहां ग्रुप एडमिन और अन्य लोगों ने उन्हें ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश करने के लिए प्रेरित किया। आरोप है कि ज्यादा मुनाफे का लालच देकर आरोपियों ने उनसे अलग-अलग बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर करवाए। डॉक्टर ने करीब 25 ट्रांजेक्शन के जरिये 1.10 करोड़ रुपये निवेश कर दिए। शुरुआत में एप पर उन्हें मुनाफा दिखाया जाता रहा लेकिन जब उन्होंने पैसे निकालने की कोशिश की तो उनसे और रकम जमा कराने को कहा गया।
इसके बाद आरोपियों ने खुद को आरबीआईऔर ईडी से जुड़ा अधिकारी बताकर सिक्योरिटी के नाम पर 10 लाख रुपये और मांग लिए। शक होने पर डॉक्टर ने ग्रुप के अन्य सदस्यों से संपर्क किया तो पता चला कि उनके साथ भी इसी तरह की ठगी हुई है। इसके बाद उन्होंने पुलिस को शिकायत दी। साइबर क्राइम थाना पुलिस बैंक खातों की जानकारी खंगाल रही है।