चंडीगढ़। पीजीआई के कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स ने शनिवार को सेक्टर-25 रैली ग्राउंड में प्रदर्शन करते हुए ठेकेदार कंपनियों के पुतले फूंके। इससे पहले कर्मचारियों ने पीजीआई रेजिडेंशियल कैंपस से रैली ग्राउंड तक पैदल मार्च निकालकर बकाया एरियर, समान वेतन, यूनिफॉर्म और मेडिकल सुविधाओं की मांग उठाई।
ज्वाइंट एक्शन कमेटी के नेतृत्व में कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि करोड़ों रुपये का एरियर लंबित है और कई कर्मचारियों को तय डीसी रेट के अनुसार वेतन नहीं मिल रहा। कुछ कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त करने का भी आरोप लगाया गया। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि 24 अप्रैल तक मांगें पूरी नहीं हुईं तो 25 अप्रैल से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की जाएगी। इसके बाद 27 अप्रैल को सुबह 6 बजे से एक दिन की हड़ताल की जाएगी। कर्मचारियों का कहना है कि उनका चेन हंगर फास्ट 149वें दिन में पहुंच चुका है।