चंडीगढ़। पीजीआई के लगभग 4 हजार अनुबंध कर्मचारी वीरवार सुबह 6 बजे से हड़ताल पर रहेंगे। इस दौरान वे एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। हड़ताल की घोषणा से पहले बुधवार की शाम केंद्रीय उप श्रम आयुक्त के सामने दोनों पक्षों में सुलह वार्ता हुई लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। इसके बाद कर्मचारियों ने हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया है।
पीजीआई जॉइंट एक्शन कमेटी के अध्यक्ष अश्वनी कुमार मुंजाल ने बताया कि पीजीआई प्रशासन व स्वास्थ्य मंत्रालय ने किसी भी मांग की पूर्ति नहीं की है। पिछले चार महीने से पीजीआई प्रबंधन व स्वास्थ्य मंत्रालय गरीब ठेकाकर्मियों की खिल्ली उड़ा रहा है इसलिए सभी अनुबंधकर्मी आठ अगस्त को हड़ताल पर रहेंगे। पुलिस ने जोर जबरदस्ती की तो कर्मचारी जेल भरो आंदोलन से पीछे नहीं हटेंगे।