केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा शनिवार को पीजीआई में होंगे। इस दौरान वे गवर्निंग बॉडी व इंस्टीट्यूट बॉडी की मीटिंग की अध्यक्षता करेंगे। दोनों ही बैठकों में पीजीआई से जुड़े मुद्दे शामिल होंगे। इनमें मुख्य रूप से पीजीआई के नए डायरेक्टर की नियुक्ति के लिए विशेष चयन कमेटी का गठन करना शामिल है। इंस्टीट्यूट बॉडी की मीटिंग में यह तीसरा एजेंडा है। चयन कमेटी पीजीआई डायरेक्टरों के लिए आए आवेदनों में से उपयुक्त प्रतिभागियों को चुनेगी। पीजीआई के डायरेक्टर के लिए 30 से ज्यादा आवेदन आ चुके हैं। इनमें से 20 से ज्यादा आवेदन सिर्फ पीजीआई फैकल्टी के हैं। मौजूदा डायरेक्टर वाईके चावला का कार्यकाल अक्तूबर में खत्म हो रहा है।
हीमोफीलिया मरीजों के लिए सेंटर
गवनर्निंग बॉडी की मीटिंग में हीमोफीलिया के मरीजों के लिए मुफ्त इलाज करने के लिए एक 20 बेड का सेंटर बनाने का प्रस्ताव लाया जा रहा है। पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने पिछले साल यूटी प्रशासन और पीजीआई को निर्देश दिया था कि हीमोफीलिया के मरीजों के मुफ्त इलाज का प्रावधान करें। उसके बाद पीजीआई ने हीमोफीलिया सेंटर बनाने का प्रावधान किया है। गवर्ननिंग बॉडी की मीटिंग में इस पर मुहर लगने की पूरी संभावना है।
मदर एंड चाइल्ड व न्यूरोसाइंस सेंटर
मीटिंग में 300 बेड के मदर एंड चाइल्ड सेंटर के पहले फेज के निर्माण का प्रस्ताव रखा जाएगा। इसके अलावा 300 बेड के एडवांस न्यूरोसाइंस सेंटर के निर्माण पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा। बायो बैकिंग को शुरू करने के लिए उसके लिए जरूरी पोस्टों को सृजित करने का भी प्रस्ताव लाया जा रहा है। मीटिंग में टेक्निकल काडर का नवीनीकरण, बायोकेमेस्ट्री में सीनियर रेजिडेंस की पोस्ट बढ़ाने और फिजियोथैरेपी के मुद्दे पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
एमएस की अनुशासनिक कार्रवाई की स्टेटस रिपोर्ट
पीजीआई गवर्निंग बॉडी की मीटिंग में मेडिकल सुपरिंटेंडेंट प्रोफेसर एके गुप्ता की अनुशासनिक कार्रवाई की स्टेटस रिपोर्ट पर भी विचार-विमर्श होगा। उन पर मंत्रालय का आदेश न मानने के आरोप लगे थे और उन्हें चार्जशीट करने के निर्देश दिए गए थे। इसके अलावा दो डाक्टर सोनू गोयल व प्रमोद गुप्ता पर भी अनुशासनिक कार्रवाई पर विचार किया जाएगा।