हरियाणा पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन ने डीजल पर वैट बढ़ाने के विरोध में अनिश्चितकालीन हड़ताल पर है। आज से प्रदेशभर के पेट्रोल पंपों पर तेल नहीं मिलेगा। इससे वाहन चालकों की परेशानी बढ़ जाएगी। एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि जब तक डीजल पर बढ़ाए गए वैट को वापस नहीं लिया जाता, विरोध जारी रहेगा।
आज सुबह छह बजे से विरोध शुरू हो गया। सरकार पर धोखे और वादा खिलाफी के आरोप लगाते हुए हरियाणा पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन ने हड़ताल पर जाने का फैसला लिया है। इस अनिश्चितकाल हड़ताल का सीधा प्रभाव जनता पर पड़ेगा।
एसोसिएशन के सदस्य बेदी ने बताया कि सरकार द्वारा आश्वासन देने के बावजूद डीजल पर बढ़ाए वैट को वापस न लेने से नाराज एसोसिएशन ने यह कदम उठाया है।
उन्होंने कहा कि सीएम मनोहरलाल खट्टर और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला ने पेट्रोल पंप मालिकों से वादा किया था कि प्रदेश में वैट नहीं बढ़ाया जाएगा। पेट्रोल पंप मालिकों से वादाखिलाफी कर सरकार ने वैट बढ़ाया है।