मनीमाजरा। शहर में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के लिए नगर निगम ने अवैध रूप से कचरा फेंकने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। बुधवार सुबह मनीमाजरा के मोटर मार्केट के पास सार्वजनिक स्थान पर कचरा डंप किए जाने के मामले में निगम की टीम ने कार्रवाई करते हुए संबंधित पेट्रोल पंप प्रबंधन पर 14,071 रुपये का चालान काटा।
नगर निगम की एनफोर्समेंट टीम को निरीक्षण के दौरान मनीमाजरा स्थित मोटर मार्केट के नजदीक एक पेट्रोल पंप के पास कचरे का ढेर मिला। जब कचरे को उठाकर जांच की गई तो उसमें पेट्रोल पंप से जुड़े बिल और दस्तावेज बरामद हुए, जिससे डंपिंग के स्रोत की पहचान हो गई। इसके आधार पर सेनिटेशन विंग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जुर्माना लगाया।
नगर निगम चंडीगढ़ के कमिश्नर अमित कुमार ने कहा कि शहर में गैर-कानूनी डंपिंग पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और दोषियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों को गंदा करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। निगम ने सभी दुकानदारों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और संस्थानों से अपील की है कि वे कचरे को अलग-अलग श्रेणियों में बांटकर केवल अधिकृत निगम वाहनों को ही सौंपें। खुले स्थानों, बाजारों या सड़कों के किनारे कचरा फेंकने पर सख्त दंडात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।