बापूधाम में कोरोना वायरस के बढ़ते मामले को लेकर प्रशासक ने चिंता जताई। उन्होंने डायरेक्टर हेल्थ सर्विसेज को आदेश दिए कि अगले तीन दिन तक कंटेनमेंट जोन में रहने वाले व्यक्तियों की गहनता व तेजी से जांच की जाए।
उन्होंने संदिग्ध मामलों में भी कोरोना टेस्ट लिए जाने की बात कही। प्रशासक ने जांच की संख्या को बढ़ाने के भी आदेश दिए। प्रशासक ने शहरवासियों से अपील की है कि अगर किसी भी व्यक्ति को बुखार आदि समस्याएं आती हैं तो वह अपने पास के डिस्पेंसरी में जाकर जांच करवाए। उन्होंने स्थानीय नेताओं और पड़ोसियों से अपील की है कि वह अपने क्षेत्र में किसी भी व्यक्ति में कोरोना वायरस के लक्षण दिखने पर प्रशासन को सूचित करें।
हल्के लक्षण वाले कोरोना के मरीज सेक्टर-46 होंगे शिफ्ट
पीजीआई के आग्रह पर प्रशासक ने यह तय किया है कि अब हल्के लक्षणों वाले कोरोना के मरीजों को सेक्टर-46 के आयुर्वेदिक अस्पताल में भेजा जाएगा। इसके अलावा गंभीर केसों में चल रहा इलाज पहले की तरह पीजीआई में ही किया जाएगा। प्रशासक ने लोगों को घर में रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि अगर बहुत आवश्यक हो तभी घर से बाहर निकलें। बाहर निकलते वक्त भी चेहरे पर मास्क पहन कर रखें और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें।