अच्छी खबर यह है कि पेट्रोल-डीजल एक बार फिर से सस्ते हो गए हैं। शुक्रवार को पेट्रोल 2.41 रुपये और डीजल 2.25 रुपये सस्ता हो गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दामों में लगातार गिरावट के चलते पेट्रोल-डीजल की दरों में कमी आई है।
इंडियन ऑयल के मुताबिक नई दरें शुक्रवार आधी रात से लागू हो गईं। दिल्ली में अब पेट्रोल 66.65 रुपये की बजाय 64.25 रुपये प्रति लीटर मिलेगा जबकि मुंबई में 2.55 रुपये सस्ता होने के चलते पेट्रोल की कीमत 71.91 रुपये प्रति लीटर हो गई है। इस साल अगस्त से पेट्रोल 9.36 रुपये सस्ता हो चुका है।
डीजल भी महीने में दूसरी बार सस्ता हुआ है। दिल्ली में अब डीजल 53.35 रुपये प्रति लीटर मिलेगा। जबकि अभी तक लोगों को एक लीटर डीजल के लिए 55.60 रुपये खर्च करने पड़ते थे। मुंबई में डीजल 2.50 रुपये सस्ता हुआ है, जिससे एक लीटर डीजल की कीमत 61.04 हो गई है।