पेट्रोलियम डीलर हड़ताल पर हैं। अगर आपने गाड़ी में पेट्रोल नहीं डलवाया तो डलवा लें नहीं तो पछताएंगे। अगर जल्द सरकार या पेट्रोलियम कंपनियों ने कुछ न किया तो पंजाब के नौ सीमांत जिलों के पेट्रोल पंप मंगलवार तक सूख जाएंगे। लोगों को पेट्रोल व डीजल नहीं मिलेगा। क्योंकि पंजाब के पेट्रोलियम डीलर आंदोलन की राह पर चल पड़े हैं।
पेट्रोलियम कंपनियों की मनमानी और सरकार की बेरुखी से नाराज पेट्रोलियम डीलरों ने शुक्रवार को मोहाली के फेज सात में भूख हड़ताल शुरू की। पंजाब पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन केप्रधान परमजीत सिंह दोआबा, जीएस चावला और गिरीश सपरा भूख हड़ताल पर बैठे। दो दिन की भूख हड़ताल केबाद एक मई से पेट्रोलियम डीलर खरीद बंद कर देंगे। एक मई से वे पेट्रेलियम कंपनियों से डीजल व पेट्रोल नहीं खरीदेंगे।
पेट्रोल पंपों में मौजूद स्टॉक करीब दो दिन तक चलेगा। मंगलवार से नौ सीमांत जिलों के सारे पेट्रोल पंप ड्राई हो जाएंगे। जिसकेबाद लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ सकती है। पेट्रोलियम डीलरों का कहना है कि पंजाब में पेट्रोल पर 35.54 फीसदी वैट और डीजल पर 17.54 फीसदी वैट है। जोकि पड़ोसी राज्यों की तुलना में काफी ज्यादा है। इस बारे में लंबे समय से एक्साइज टैक्सेशन विभाग के अधिकारियों को बताया जा रहा है, लेकिन कुछ नहीं हुआ। इसके चलते पंजाब की सेल बुरी तरह प्रभावित हो रही थी।
अब इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन बठिंडा रिफाइनरी की जगह पानीपत रिफाइनरी के बेस रेट वसूल रही है, जोकि ज्यादा हैं। आईओसी ने हरियाणा में एंट्री टैक्स खत्म होने के बाद वहां पेट्रोल व डीजल के रेट घटा दिए हैं। लेकिन पंजाब में अभी भी पानीपत रिफाइनरी के आधार पर रेट वसूले जा रहे हैं। जिसके चलते हरियाणा में डीजल-पेट्रोल और सस्ता हो गया है। इससे पंजाब का कारोबार तो प्रभावित हो ही रहा है, सरकार को भी तीन सौ करोड़ रुपये प्रतिवर्ष राजस्व का नुकसान हो रहा है।
---------------------------- पंजाब -- हरियाणा -- दिल्ली -- हिमाचल -- चंडीगढ़
पेट्रोल पर वैट (प्रतिशत) --36.47 -- 26.25 ---- 27 ---- 27 -----26.34
डीजल पर वैट (प्रतिशत) - 17.67 -- 17.22 ----18.78 -- 16---- 17.25