गुरुग्रंथ साहिब की चोरी और बेअदबी मामले में डेरामुखी गुरमीत राम रहीम की भूमिका की निष्पक्ष जांच की अपील करते हुए पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की गई है। याचिका पर इसी सप्ताह हाईकोर्ट सुनवाई करेगा। याचिका दाखिल करते हुए भूपेंद्र सिंह ने कहा कि साध्वी रेप केस में राम रहीम को दोषी करार दिया जा चुका है। छत्रपति और रणजीत सिंह की हत्या का मास्टर माइंड होने का भी राम रहीम पर आरोप है।
साधुओं को नपुंसक बनाने सहित अन्य कई मामलों में वह आरोपी है। बेअदबी मामले में भी डेरा के लोगों का नाम आया था, लेकिन इसकी सही से जांच नहीं हो सकी। याची ने बताया कि बुर्ज जवाहर सिंह वाला से गुरुग्रथ साहिब की चोरी हुई थी और इसके बाद कुछ पोस्टर मिले थे जिसमें सिखों, गुरुओं व संतों के खिलाफ आपत्तिजनक शब्द लिखे थे और यह भी लिखा था कि डेरामुखी की फिल्म रिलीज होने से रोकी गई तो गुरुग्रंथ साहिब की बेअदबी कर दी जाएगी।
इसके बाद बरगाड़ी में गुरुग्रंथ साहिब के पन्ने बिखरे मिले थे। पुलिस ने इन सभी मामलों में एफआईआर दर्ज की थी लेकिन डेरामुखी का नाम होने के कारण जांच सही से नहीं हो पाई। याची ने कहा कि जस्टिस रणजीत सिंह कमीशन ने जांच के दौरान पाया था कि जब डेरा के समर्थकों को बुलाया जाता तो वे विरोध प्रदर्शन करने लगते। उन्होंने लिखा है कि कैसे एक व्यक्ति इस प्रकार दो राज्यों में कानून व्यवस्था को अपने हाथ में ले सकता है।
इसके साथ ही यह भी कि डेरा समर्थकों की हरकतों के कारण ही पुलिस सही जांच नहीं हो पाई। याची ने कहा कि इन सभी मामलों में डेरा समर्थकों के नाम हैं और राज्य कार्यकारणी स्तर के लोग ऐसा बिना डेरा प्रमुख की शह के नहीं कर सकते थे। ऐसे में इस मामले में सही जांच के लिए आदेश दिए जाने की अपील की गई है।