चंडीगढ़। यूटी प्रशासन की तरफ से होटल और रेस्टोरेंट में बार खोलने की इजाजत देने के दो दिन के अंदर एक्साइज एंड टैक्सेशन विभाग को तीन करोड़ की आमदनी हुई है। एल थ्री, एल फॉर और एल फाइव लाइसेंस के शहर में 110 धारक हैं, जिसमें से करीब 60 ने अपनी फीस जमा करवा दी है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार को लाइसेंस फीस के रूप में दो करोड़ और बुधवार को एक करोड़ रुपये की राशि विभाग के पास जमा हुई और दो करोड़ रुपये विभाग को और मिलने की उम्मीद है।
एक्साइज एंड टैक्सेशन विभाग ने इस काम के लिए विशेष टीमें लगाई हुई हैं, ताकि लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। असिस्टेंट एक्साइज एंड टैक्सेशन कमिश्नर आरके चौधरी ने बताया कि उनके पास लाइसेंस फीस के रूप में दो दिनों में कुल तीन करोड़ रुपये जमा हो गए हैं। वह लाइसेंस धारकों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं। गौरतलब है कि शहर में होटल, रेस्टोरेंट में चल रहे बार भी प्रशासन की कमाई का प्रमुख साधन है, क्योंकि इनके बंद होने थे होटल, रेस्टोरेंट को तो घाटे का सामना करना ही पड़ रहा था। इसके साथ ही प्रशासन को भी करोड़ों रुपये की लाइसेंस फीस से हाथ धोना पड़ रहा था। अब इनके खुलते ही प्रशासन को दोबारा राजस्व मिलना शुरू हो गया है।