चंडीगढ़। यूटी प्रशासन ने लंबे समय से लंबित पड़ी स्थायी भर्तियों को लेकर बड़ा फैसला लिया है। विभिन्न विभागों में रिक्त पदों को भरने के लिए नए रिक्रूटमेंट रूल्स को मंजूरी दे दी गई है। इसके साथ ही मार्च से नियमित भर्ती प्रक्रिया शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है। मुख्य सचिव एच. राजेश प्रसाद ने करीब 330 पदों पर भर्ती को मंजूरी देते हुए प्रस्ताव प्रशासक गुलाब चंद कटारिया की स्वीकृति के लिए भेज दिए हैं।
मुख्य सचिव ने बताया कि प्रशासन के अलग-अलग विभागों में करीब 550 नियमित पद खाली पड़े हैं। इनमें से पहले चरण में 330 पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इन भर्तियों में नगर निगम, पुलिस, डीसी ऑफिस, स्वास्थ्य विभाग, एस्टेट ऑफिस, परिवहन विभाग समेत अन्य प्रमुख विभाग शामिल हैं। भर्ती शुरू होने से शहर के हजारों युवाओं को राहत मिलने की उम्मीद है जो लंबे समय से सरकारी नौकरी का इंतजार कर रहे थे।
सेंट्रल सर्विस रूल्स के तहत बदले नियम
सेंट्रल सर्विस रूल्स लागू होने के बाद प्रशासन ने केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप भर्ती नियमों में आवश्यक संशोधन किए हैं। इसके तहत नए रिक्रूटमेंट रूल्स का ड्राफ्ट तैयार कर उसे मंजूरी दी गई है। प्रशासन के 20 से अधिक विभागों में स्वीकृत पदों की तुलना में बड़ी संख्या में पद रिक्त चल रहे हैं। मुख्य सचिव के निर्देश पर सभी विभागों को अपने-अपने यहां खाली पदों का पूरा विवरण उपलब्ध कराने के आदेश दिए गए हैं।
इन विभागों में सबसे ज्यादा कमी
प्रशासन के अधीन पुलिस, शिक्षा, स्वास्थ्य, इंजीनियरिंग और तकनीकी विभागों में कर्मचारियों की सबसे अधिक कमी है। इन विभागों में इस वर्ष प्राथमिकता के आधार पर नियमित भर्तियां की जाएंगी ताकि कामकाज पर पड़ रहे दबाव को कम किया जा सके।
आबकारी और डीसी ऑफिस ने मांगी ज्यादा भर्तियां
आबकारी एवं कराधान विभाग ने 85 पदों और डीसी ऑफिस ने 150 पदों की स्वीकृति मांगी है। आबकारी विभाग में 5 ईटीओ, करीब 20 इंस्पेक्टर, क्लर्क और अन्य स्टाफ शामिल हैं। वहीं, डीसी ऑफिस में ग्रेड-2 और ग्रेड-3 के पदों पर भर्ती प्रस्तावित है। प्रशासन का दावा है कि भर्तियां शुरू होते ही विभागों की कार्यक्षमता में सुधार देखने को मिलेगा।