दस साल की सेवा कर चुके दिहाड़ीदार पक्के हो जाएंगे। को-ऑर्डिनेशन कमेटी आफ गवर्नमेंट एंड एमसी इंप्लाइज एंड वर्कर्स के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को गृह सचिव अनुराग अग्रवाल से मिलकर उनके सामने कर्मचारियों की मांगों को रखा।
कमेटी के कनवीनर राकेश कुमार ने बताया कि दिहाड़ीदारों को पक्का करने के लिए 13 मार्च 2015 को नोटिफाई की गई पॉलिसी में स्पष्टीकरण जारी करने के लिए गृह सचिव ने आदेश जारी कर दिए हैं।
दस साल दिहाड़ीदार के तौर पर सर्विस कर चुके सभी कर्मचारियों को नियमित करने का फैसला किया गया है। कमेटी ने इस बारे में जारी अधिसूचना में स्पष्टीकरण करने की मांग की थी।
उन्होंने कहा कि पॉलिसी के एक प्रावधान का गलत मतलब निकाला जा रहा था। जिसमें कहा गया था कि पॉलिसी को सिर्फ 1992 के पहले भर्ती हुई दिहाड़ीदारों के लिए लागू किया जाएगा। इसके अलावा कर्मचारियों ने डीए की किस्त को भी जारी करने की मांग की है।