चंडीगढ़। हेलमेट पर डरावना मास्क चढ़ाकर दोनों हाथ छोड़ मोटरसाइकिल चलाने और खड़े होकर मोटरसाइकिल चलाते हुए स्टंट मारने वाले एक युवक का यातायात पुलिस ने चालान काटते हुए उसका ड्राइविंग लाइसेंस जब्त कर लिया। उसका खतरनाक ड्राइविंग का चालान काटा गया है। यातायात पुलिस ने उसकी एक वीडियो भी जारी की है, जिसमें वह युवक स्टंट मारता हुआ एक निजी स्कूल बस के साथ साथ गुजरता हुआ बच्चों को स्टंट दिखा रहा है। पुलिस के मुताबिक बीते 25 अक्तूबर को किसी ने यह वीडियो उनके साथ साझी की थी, जिसमें मोटरसाइकिल चालक हेलमेट पर मास्क पहन सेक्टर 29/30 की विभाजित सड़क पर स्टंट कर रहा था। यह उसके और बाकी लोगों के लिए खतरनाक थी। पुलिस ने वीडियो में दिख रहे मोटरसाइकिल नंबर के आधार पर आरोपी युवक की पहचान करते हुए उसे चालान जारी किया और उसका लाइसेंस जब्त किया। वहीं, यातायात पुलिस का कहना है कि वह लगातार शहर में यातायात नियमों की उल्लंघन करने वालों के चालान कर रहे हैं। इस वर्ष सिर्फ शराब पीकर और खतरनाक ड्राइविंग करने वाले लोगों के कुल 2276 चालान काटे जा चुके हैं। दूसरी ओर त्योहारों के सीजन पर सड़कों पर वाहनों से जाम न लगे इसके लिए भी बाजारों में खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को पास के सरकारी स्कूलों में वाहन खड़े करने की सलाह दी जा रही है। इसके अलावा लोगों को कार पूलिंग और पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करने के लिए भी जागरूक किया जा रहा है।